इंदौर के बाणगंगा में करीब 200 लोगों ने आधे घंटे तक किया हंगामा, हाथों में ‘जस्टिस फॉर चिराग’ के पोस्टर लेकर पहुंचे दोस्त; पुलिस के आश्वासन के बाद शांत हुआ मामला
इंदौर। 23 वर्षीय चिराग सेन की मौत के बाद इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन और दोस्त उसका शव लेकर चौराहे पर पहुंचे और वहां रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी चिराग की मौत के मामले में युवती के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रहे थे। इस दौरान करीब 200 लोग जुट गए और लगभग आधे घंटे तक हंगामा चलता रहा। चिराग के दोस्तों के हाथों में ‘जस्टिस फॉर चिराग’ लिखे पोस्टर थे।
चार साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
बाणगंगा थाना प्रभारी सियाराम सिंह गुर्जर के मुताबिक, वृंदावन कॉलोनी निवासी चिराग उर्फ लाला भजन मंडली में काम करता था। उसका भाजपा नेताओं से भी जुड़ाव बताया गया है। चिराग का बाणगंगा क्षेत्र में रहने वाली निशा के साथ करीब चार साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस दौरान दोनों के बीच कई बार विवाद होने की बात भी सामने आई है।
गरबा खेलते देख हुआ विवाद, जहरीला पदार्थ खाने की बात
जानकारी के अनुसार, पिछले पांच महीनों से चिराग और निशा एक-दूसरे के साथ प्रेमपूर्वक रह रहे थे। रविवार को चिराग ने निशा को एक अन्य युवक के साथ गरबा खेलते हुए देख लिया था। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद चिराग ने गुस्से में जहरीला पदार्थ खा लिया।
चिराग की हालत बिगड़ने पर उसका एक दोस्त उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उसका इलाज किया गया। हालांकि, सोमवार को चिराग की मौत हो गई। उसकी मौत की खबर मिलने के बाद परिवार और दोस्तों में आक्रोश फैल गया।
चौराहे पर शव रखकर कार्रवाई की मांग
मंगलवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन शव लेकर चौराहे पर पहुंचे। दोस्तों और परिवार के सदस्यों ने शव रखकर प्रदर्शन किया और युवती के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग उठाई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और करीब आधे घंटे तक विरोध जारी रहा।
चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन किए जाने की सूचना मिलते ही एसीपी रुबिना मिजवानी और थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर प्रदर्शन समाप्त कराया और सभी को वहां से रवाना किया।
फिलहाल, चिराग की मौत के मामले में परिजनों और दोस्तों की ओर से युवती के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किए जाने का मामला सामने आया है।








