रहली में युवतियों का चक्काजाम, सोशल मीडिया पोस्ट पर भड़का आक्रोश; इंफ्लुएंसर पर FIR की मांग
सागर/रहली। दानी संस्कार भवन में संचालित कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र से जुड़े विवाद ने शनिवार को नया मोड़ ले लिया। सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर लकी ठाकुर द्वारा प्रशिक्षण केंद्र की युवतियों को लेकर कथित रूप से विवादित पोस्ट, फोटो एवं वीडियो प्रसारित किये जाने के विरोध में युवतियों ने गांधी चौक पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी युवतियों ने संबंधित इंफ्लुएंसर के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करते हुये एफआईआर दर्ज करने की मांग की। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान युवतियां सड़क पर बैठी रही और कार्यवाही की मांग करती रही। उनका आरोप था कि सोशल मीडिया पर प्रसारित पोस्ट एवं सामग्री से उनकी छवि प्रभावित हुई है। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित व्यक्ति को सार्वजनिक रूप से बुलाकर माफी मांगने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी। चक्काजाम की सूचना मिलने पर तहसीलदार राजेश पांडे, नपाध्यक्ष देवराज सोनी एवं थाना प्रभारी संजय ऋषिश्वर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रही युवतियों से चर्चा कर उनकी शिकायत सुनी और मामले में नियमानुसार कार्यवाही का आश्वासन दिया। अधिकारियों एवं प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक बातचीत और चर्चा के बाद युवतियों ने प्रदर्शन समाप्त किया। इसके बाद सड़क पर आवागमन सामान्य हो सका। चक्काजाम के कारण रहली-गढ़ाकोटा मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।
वही मुख्य बाजार एवं खमरिया मार्ग पर भी आवागमन प्रभावित होने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब तीन घंटे तक सड़क पर यातायात बाधित रहने के बाद प्रशासन के आश्वासन से स्थिति सामान्य हुई। फिलहाल युवतियों द्वारा लगाये गये आरोपों और सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री को लेकर पुलिस स्तर पर नियमानुसार कार्यवाही की मांग की गई है।








