सागर में हथियारों के साथ रील बनाना पड़ा भारी, मोतीनगर पुलिस ने युवक को दबोचा
सागर। सोशल मीडिया पर अपना प्रभाव और धौंस जमाने के लिए हथियारों के साथ रील बनाकर उसे सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड करना एक युवक को भारी पड़ गया। सागर पुलिस द्वारा सोशल मीडिया अकाउंट पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में मोतीनगर पुलिस ने हथियार का प्रदर्शन करने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने सोमवार दोपहर करीब 1 बजे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर एक युवक द्वारा हथियारों का प्रदर्शन करते हुए वीडियो अपलोड किए जाने की जानकारी पुलिस को मिली थी। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए रविवार देर रात संजय कुमार प्रजापति नामक युवक को गिरफ्तार किया।
थाना प्रभारी के अनुसार, युवक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर तलवार और पिस्टल के साथ वीडियो बनाकर अपलोड किया था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर लोगों में भय या धौंस पैदा करने वाले लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऐसे वीडियो या रील सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।








