मालथौन में होंडा शोरूम संचालक पर दिनदहाड़े कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, लाइव वारदात सीसीटीवी में कैद
फाइनेंस की किस्त के विवाद में दबंगों ने दिया वारदात को अंजाम; मौके पर मौजूद लोगों ने बचाई जान, पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
मालथौन कस्बे में दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां स्थित ‘साहिल होंडा शोरूम’ के भीतर घुसकर संचालक पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया। यह पूरी खौफनाक घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में आरोपी साफ तौर पर शोरूम मालिक पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार करता हुआ नजर आ रहा है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, नया बाजार क्षेत्र के रहने वाले साहिल जैन मालथौन में अपना होंडा शोरूम चलाते हैं। पीड़ित साहिल ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में बताया है कि श्रीराम कंपनी के मकान की फाइनेंस किस्त जमा करने को लेकर इटवा वार्ड निवासी रूपेंद्र सिंह बुंदेला के साथ उनकी कुछ कहासुनी हुई थी। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि बहस के बाद रूपेंद्र अपने एक अन्य साथी के साथ हाथों में लाठी और कुल्हाड़ी लेकर सीधे शोरूम में आ धमका और साहिल जैन पर जानलेवा हमला बोल दिया।
गनीमत यह रही कि वारदात के वक्त शोरूम के अंदर कुछ अन्य लोग भी उपस्थित थे। हमला होता देख उन्होंने तुरंत फुर्ती दिखाई और बीच-बचाव कर संचालक की जान बचा ली। अगर वहां मौजूद लोग समय रहते हस्तक्षेप नहीं करते, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। इस हमले में साहिल जैन की जांघ और हाथ की कोहनी पर कुल्हाड़ी लगने से गहरी चोटें आई हैं।
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस फौरन हरकत में आ गई। मालथौन के थाना प्रभारी दिनेश भोजक ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित साहिल जैन की शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी रूपेंद्र सिंह बुंदेला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है। वहीं, हमले का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद से ही पूरे इलाके में इस घटना को लेकर काफी चर्चा है। पुलिस मामले की बारीकी से तफ्तीश कर रही है।








