सागर में अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार
सागर। सागर पुलिस ने अवैध हथियारों के निर्माण और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कैंट थाना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा, एक रिवाल्वर, एक देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले ड्रिल मशीन, हथौड़ा, लोहे की रॉड, पाइप, स्प्रिंग, कटी हुई नाल, स्क्रू सहित बड़ी संख्या में सामग्री जब्त की गई है। पुलिस को आशंका है कि तैयार किए जा रहे अवैध हथियार सागर सहित अन्य स्थानों पर भी सप्लाई किए जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार कैंट थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कजलीवन मैदान के पास एक युवक अवैध कट्टा और कारतूस लेकर घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर अनुज सेन (24), निवासी लक्ष्मीपुरा वार्ड, थाना कोतवाली, सागर को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पूछताछ में खुली हथियार सप्लाई की कड़ी
पूछताछ में अनुज सेन ने पुलिस को बताया कि उसने उक्त कट्टा बीना निवासी साहिल अहिरवार (24) से लिया था। जानकारी के आधार पर पुलिस ने साहिल के निवास पर दबिश दी। उसके कब्जे से 38 बोर की देशी रिवाल्वर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। साथ ही हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरण और सामग्री भी मिली।
पुलिस के मुताबिक जब्त सामग्री में ड्रिल मशीन, पेचकस, पाना, हथौड़ा, लोहे की रॉड, पाइप, स्प्रिंग, तीन कटी हुई नाल, स्क्रू, लकड़ी के गुटके, स्प्रिंग लॉक, कैंची, रापी और लोहे की पत्तियां सहित अन्य सामान शामिल है।
तीसरे आरोपी तक पहुंची पुलिस
साहिल अहिरवार से पूछताछ के दौरान पुलिस को एक अन्य आरोपी सूरज अहिरवार (23), निवासी आवासीय कॉलोनी, थाना मोतीनगर, सागर के बारे में जानकारी मिली। साहिल ने पुलिस को बताया कि उसने एक देशी पिस्टल सूरज को दी थी। इसके बाद पुलिस टीम ने सूरज को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 32 बोर की देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।
इस तरह कैंट थाना पुलिस ने अवैध हथियार रखने, निर्माण और सप्लाई से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कुल तीन अवैध हथियार, तीन जिंदा कारतूस और हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की है।
तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार आरोपी अनुज सेन के खिलाफ कोतवाली थाने में छेड़छाड़, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी समेत छह आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वहीं साहिल अहिरवार के खिलाफ बीना थाने में हत्या के प्रयास, बलवा और आर्म्स एक्ट का प्रकरण दर्ज है। तीसरे आरोपी सूरज अहिरवार के खिलाफ मोतीनगर थाने में हत्या, हत्या के प्रयास, नाबालिग से छेड़छाड़ और मारपीट समेत चार आपराधिक प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।
अन्य आरोपियों और सप्लाई नेटवर्क की तलाश
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया ने बताया कि कैंट पुलिस की कार्रवाई में अवैध हथियार रखने के साथ-साथ इनके निर्माण और सप्लाई से जुड़ी महत्वपूर्ण कड़ी का खुलासा हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार निर्माण और सप्लाई के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा तैयार हथियारों की सप्लाई किन-किन स्थानों पर की जाती थी।








