सागर जिले में बेखौफ बदमाश: ढकरई के दो मंदिरों को बनाया निशाना, सोने-चांदी के जेवरात पार
सागर। जिले में घरों के साथ अब मंदिर भी चोरों के निशाने पर हैं। ताजा मामला राहतगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम ढकरई से सामने आया है, जहां अज्ञात चोरों ने राधा-कृष्ण राजमंदिर और हनुमान मंदिर का ताला तोड़कर भगवान की प्रतिमाओं से सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
मंदिर के पुजारी महेश चौबे थाने में शिकायत की है जिसमें बताया कि वे दोनों मंदिरों में पूजा-पाठ करते हैं। राधा-कृष्ण राजमंदिर और हनुमान मंदिर आमने-सामने बने हैं और वे मंदिर परिसर की दहलान में ही निवास करते हैं। सोमवार रात करीब 10 बजे पूजा के बाद वे सो गए थे।
मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे गांव के मोहन पटेल दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे। उन्होंने देखा कि मंदिर का चैनल गेट टूटा पड़ा है। मोहन के बताने पर पुजारी ने जाकर देखा तो दोनों मंदिरों के चैनल गेट के ताले टूटे हुए थे। राधा-कृष्ण मंदिर के गर्भगृह का ताला भी टूटा मिला।
जांच करने पर पता चला कि हनुमान जी का चांदी का मुकुट गायब है। वहीं राधा-कृष्ण मंदिर से छह मूर्तियों के छह चांदी के मुकुट, बांसुरी, सोने की नथ सोने की माला और सोने के कान के कुंडल चोरी हो गए। घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी गई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सुबह करीब 9:30 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
लगातार मंदिरों में हो रही चोरियों से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाए। पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है।








