सागर में आयोजित हुआ स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ
सागर। मध्य प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि माता-बहनें परिवार और राष्ट्र की रीढ़ हैं। उनके स्वास्थ्य और सशक्तिकरण के बिना देश का समग्र विकास अधूरा है। सरकार महिलाओं की सेहत को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और इसके लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं रखी जाएगी।
वे जिला चिकित्सालय परिसर, सागर में आयोजित स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत किया गया। इस मौके पर रक्तदान अभियान की भी शुरुआत हुई।
भारत और विश्व मोदीमय – मंत्री राजपूत
मंत्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत कर महिलाओं के स्वास्थ्य को नई दिशा दी है। उन्होंने बताया कि 2014 के बाद से भारत ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है और आज विश्व की बड़ी शक्तियां भारत को आदर्श मान रही हैं। उन्होंने कहा, भारत और विश्व मोदीमय हो चुका है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब हर नागरिक स्वस्थ होगा। आयुष्मान भारत योजना जैसी पहल ने लाखों गरीब परिवारों को राहत दी है और अब “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को दूर करने पर केंद्रित है।
सांसद लता वानखेड़े का संबोधन
सांसद श्रीमती लता वानखेड़े ने कहा कि यह अभियान महिलाओं के स्वास्थ्य और परिवार की मजबूती के लिए ऐतिहासिक कदम है। इसके तहत महिलाओं की सभी आवश्यक जांचें निःशुल्क होंगी। उन्होंने कहा कि मातृ स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आयुष्मान भारत योजना और जननी सुरक्षा योजना जैसी योजनाएं लागू की हैं।
विधायक शैलेंद्र जैन का वक्तव्य
विधायक शैलेंद्र जैन ने सागर में स्वास्थ्य सेवाओं के विकास की जानकारी देते हुए कहा कि जल्द ही जिले में कैंसर अस्पताल और हृदय रोग उपचार केंद्र शुरू होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य में निवेश करना एक मजबूत समाज और राष्ट्र के निर्माण की नींव है।
अन्य वक्ताओं के विचार
जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें गरीब कल्याण और महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर काम कर रही हैं। संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ. नीना गिडियन ने अभियान के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, संभाग आयुक्त अनिल सुचारी, कलेक्टर संदीप जी. आर., बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. पी.एस. ठाकुर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ममता तिमोरे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अरुण सिंघई ने किया और आभार प्रदर्शन डॉ. ममता तिमोरे ने किया।
मैं सूरज सेन पिछले 6 साल से पत्रकारिता से जुड़ा हुआ हूं और मैने अलग अलग न्यूज चैनल,ओर न्यूज पोर्टल में काम किया है। खबरों को सही और सरल शब्दों में आपसे साझा करना मेरी विशेषता है।