स्टेशन के पास कुत्तों का हमला, घायल हिरण को बचाकर वन विभाग को सौंपा
बीना जंक्शन क्षेत्र में एक घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मिला सुरक्षित, मौके पर किया गया प्राथमिक उपचार
बीना। बीना जंक्शन के रेलवे स्टेशन परिसर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पार्सल कार्यालय के पास एक हिरण पर आवारा कुत्तों ने हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ, वन विभाग और गौ सेवा दल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घायल हिरण काफी देर तक इधर-उधर भटकता रहा, जिससे उसकी हालत और बिगड़ती नजर आई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत आरपीएफ को सूचना दी। आरपीएफ के एसआई अशोक यादव और आरक्षक पंकज ने स्थिति को देखते हुए वन विभाग, गौ सेवा दल और डायल 112 को अलर्ट किया।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने हिरण को सुरक्षित काबू में लिया। इसके बाद गौ सेवा दल के सदस्यों ने वहीं प्राथमिक उपचार कर उसकी हालत स्थिर करने की कोशिश की। उपचार के बाद हिरण को आगे की देखभाल के लिए वन विभाग को सौंप दिया गया।
इस दौरान स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी रही कि आखिर वन्य क्षेत्र का यह हिरण आबादी वाले रेलवे स्टेशन तक कैसे पहुंच गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन में गौ सेवा दल के राजेंद्र यादव, अनुराग जैन, अमर ठाकुर और ओम नारायण ठाकुर के साथ वन विभाग के डिप्टी रेंजर सुनील कुमार, वनरक्षक जलोत गोस्वामी, संग्राम सिंह यादव, डायल 112 के आरक्षक विक्रम प्रताप और पायलट इमरत सेन की अहम भूमिका रही।








