उदयगिरि नसियाजी में शीतलनाथ भगवान का महामहोत्सव, महा मस्तकाभिषेक के साथ चढ़ाया निर्वाण लाडू
भद्दलपुर की चार कल्याणक भूमि पर उमड़े श्रद्धालु, चांदी की पालकी में निकली जिनेंद्र शोभायात्रा; धार्मिक अनुष्ठानों के बाद हुआ वात्सल्य भोज
विदिशा। भद्दलपुर उदयगिरि स्थित श्री शीतलनाथ भगवान की चार कल्याणक भूमि पर वार्षिक महामहोत्सव धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। सोमवार, 19 तारीख को शीतल अष्टमी के पावन अवसर पर भगवान श्री शीतलनाथ के मोक्ष कल्याणक के उपलक्ष्य में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूजा-अर्चना की और निर्वाण लाडू अर्पित किया।
आयोजन के संबंध में प्रवक्ता डॉ. मक्खन लाल जैन ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे किले के अंदर स्थित श्री शीतलनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में हुई। यहां भगवान श्री शीतलनाथ का अभिषेक और पूजन किया गया। इसके साथ ही निर्वाण लाडू चढ़ाकर भगवान के मोक्ष कल्याणक की आराधना की गई।
इसके बाद सुबह 9 बजे उदयगिरि नसियाजी से भगवान जिनेंद्र की चांदी की पालकी में शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा पहाड़ी तक पहुंची, जिसमें श्रद्धालु भक्ति गीतों पर नाचते-गाते और भगवान की आराधना करते हुए शामिल हुए। शोभायात्रा वापस नसियाजी पहुंची, जहां आगे के धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुए।
महोत्सव के दौरान ध्वजारोहण का सौभाग्य पं. शिखरचंद जैन, संजय, राजीव और आलोक परिवार को प्राप्त हुआ। इसके बाद ज्ञानोदय तीर्थ, दीवानगंज के प्राचार्य पं. शुभम शास्त्री ने आध्यात्मिक स्वाध्याय कराया। उन्होंने अपने प्रवचन में इष्टोपदेश की गाथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक और आध्यात्मिक संदेश दिया।
इसके पश्चात ब्रह्मचारी अमित भैया के सान्निध्य में भगवान श्री शीतलनाथ का महा मस्तकाभिषेक, पूजन और निर्वाण लाडू अर्पण का कार्यक्रम संपन्न हुआ। महा मस्तकाभिषेक के लिए विभिन्न परिवारों को कलश अर्पित करने का अवसर मिला। प्रथम कलश पं. शिखरचंद जैन अलंकार परिवार, द्वितीय कलश एडवोकेट अनुभव जैन, एडवोकेट चक्रवर्ती जैन और संजय जैन, तृतीय कलश सतेंद्र लश्करी परिवार, चतुर्थ कलश डॉ. एम.एल. जैन एवं जैन ऑप्टिकल्स परिवार तथा पांचवें कलश का सौभाग्य शिखरचंद जैन एमपीईबी परिवार को प्राप्त हुआ।
धार्मिक अनुष्ठानों के समापन के बाद ट्रस्ट कमेटी की ओर से सभी साधर्मियों के लिए वात्सल्य भोज का आयोजन किया गया। इसमें श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर ट्रस्ट अध्यक्ष मलुकचंद जैन, रवि पटेल, एडवोकेट चक्रवर्ती जैन, डॉ. एम.एल. जैन, प्रकाश सिंघई, सुरेंद्र जैन, रीतेश जैन, राजकुमार जैन, राकेश मोदी, संजय अलंकार, वीरेंद्र मानपुर और परवार समाज समिति के अध्यक्ष शिखरचंद जैन सहित अन्य पदाधिकारियों ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
महोत्सव के आयोजन में अखिल भारतीय जैन युवा एवं महिला फेडरेशन, महिला मंडल, परवार समाज समिति सहित विभिन्न संगठनों और समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहयोग दिया।








