MP : न्यू कटनी जंक्शन के ए-केबिन के पास हुआ हादसा, कई यात्री ट्रेनें प्रभावित; राहत और मरम्मत कार्य में जुटी रेलवे की टीम
कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी जिले में शनिवार को एक बड़ा रेल हादसा सामने आया, जब कोयले से लदी एक मालगाड़ी अचानक पटरी से उतर गई। यह घटना कटनी मेन स्टेशन से पहले न्यू कटनी जंक्शन के पास स्थित ए-केबिन क्षेत्र में हुई। हादसे की जानकारी मिलते ही रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंच गए।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार यह मालगाड़ी बिलासपुर रेलखंड से कोयला लेकर वेस्ट बड़ोदरा की ओर जा रही थी। जब ट्रेन न्यू कटनी जंक्शन के ए-केबिन के पास पहुंची, तभी अचानक उसके कई डिब्बे पटरी से उतर गए। इस दुर्घटना में करीब पांच बोगियां डीरेल हो गईं। हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दो डिब्बे एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गए और रेल पटरियों को भी काफी नुकसान पहुंचा।
डिब्बों के पलटने से उनमें भरा कोयला बड़ी मात्रा में ट्रैक और आसपास के क्षेत्र में फैल गया। इससे रेल मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। घटना की खबर मिलते ही कटनी रेल मंडल के अधिकारी और तकनीकी कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया।
रेलवे प्रशासन ने तुरंत राहत और मरम्मत कार्य शुरू कराया। इसके लिए रेलवे की दुर्घटना राहत ट्रेन (ART) को भी बुलाया गया। टीम ट्रैक से गिरे कोयले को हटाने और क्षतिग्रस्त पटरियों की मरम्मत करने में जुटी हुई है, ताकि जल्द से जल्द रेल यातायात सामान्य किया जा सके।
इस दुर्घटना के कारण कटनी से गुजरने वाली अप और डाउन लाइन की कई यात्री ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। रेलवे ने कुछ ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा है, जबकि कुछ ट्रेनों को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा है। यात्रियों को हो रही परेशानी को देखते हुए रेलवे विभाग ट्रैक बहाली का काम तेजी से कर रहा है।
इस संबंध में कटनी रेल एरिया मैनेजर रोहित सिंह ने बताया कि बिलासपुर रेलखंड से कोयला लेकर वेस्ट बड़ोदरा जा रही मालगाड़ी की पांच बोगियां न्यू कटनी जंक्शन के ए-केबिन के पास पटरी से उतर गई हैं। उन्होंने बताया कि कटनी की एआरटी टीम मौके पर राहत और मरम्मत कार्य में लगी है, जबकि अतिरिक्त सहायता के लिए जबलपुर से भी टीम बुलाई गई है। रेलवे का प्रयास है कि ट्रैक को जल्द से जल्द ठीक कर ट्रेनों का संचालन सामान्य किया जा सके।








