सागर : पुलिस चौकी के पास चोरी, राम जानकी मंदिर से 9 छत्र और धनुष-बाण ले गये बदमाश
सागर/बीना। छोटी बजरिया में बदमाशों ने पुलिस चौकी से मात्र 200 मीटर की दूरी पर स्थित प्राचीन राम जानकी मंदिर को निशाना बनाया। सोमवार सुबह हुई इस घटना में चोर लाखों रुपये की चांदी के छत्र और भगवान के शस्त्र चुरा लिये। चोरी की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। मंदिर के पुजारी पं. प्रेम नारायण शास्त्री ने सुबह मंदिर पहुंचने पर ताले टूटे देख पुलिस को सूचित किया, पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुजारी ने बताया कि मंदिर के मुख्य चैनल गेट का ताला टूटा हुआ था और अंदर दान पेटी भी खुली पड़ी थी। चोरों ने मंदिर के गर्भगृह से चांदी की 9 कीमती छत्र और भगवान श्री राम व लक्ष्मण के चांदी के धनुष-बाण पार कर दिये। इसके अलावा परिसर में स्थित अन्य देवी-देवताओं के छोटे मंदिरों के द्वारों के ताले भी क्षतिग्रस्त पाये गये। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद साक्ष्यों की सुरक्षा के लिये मंदिर के द्वार बंद कर दिये हैं। मामले की गंभीरता और चोरी गये सामान की कीमत को देखते हुये बीना पुलिस ने सागर से एफएसएल टीम को बुलाया है। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मंदिर को पुनः खोला जायेगा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके। बीना में पिछले कुछ समय से अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि पुलिस चौकी के इतने करीब चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। इससे पहले भी शहर में बाइक चोरी और कृषि उपज मंडी में किसानों के पैसे चोरी होने की घटनायें हो चुकी हैं, जिनमें पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। नागरिकों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और गश्त बढ़ाने की मांग की है।
सागर : पुलिस चौकी के पास चोरी, राम जानकी मंदिर से 9 छत्र और धनुष-बाण ले गये बदमाश
सागर : पुलिस चौकी के ...
[post_dates]

संपादक







