MP : देवी नाराज के भ्रम ने बना दिया व्यक्ति को जल्लाद,पूजा में बुलाकर काटे महिला-पुरुष के सिर !!
MP : सिंगरौली जिले के अतरवा गांव में गुरुवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 21 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर दो पड़ोसियों की निर्मम हत्या कर दी। इस वारदात में बीच-बचाव करने पहुंचे दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सुबह लगभग 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी छत्रपति सिंह (21) ने अपने घर के पास पूजा आयोजित करने की बात कहकर आसपास के लोगों को बुलाया था। पूजा में शामिल होने आईं फूल कुमारी सिंह (50) और केमला सिंह (65) पर उसने अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान मची चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। सुमित्रा सिंह और रामभजन सिंह जब स्थिति संभालने पहुंचे तो आरोपी ने उन पर भी वार कर दिया। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। घटनास्थल की जांच के दौरान पूजा-सामग्री जैसे नारियल और अगरबत्ती बरामद हुई हैं। पुलिस को घर के बाहर हाल ही में बना एक मिट्टी का चबूतरा भी मिला है, जिसे आरोपी ने दो दिन पहले तैयार किया था। बताया गया है कि उसने कहा था कि गुरुवार सुबह यहां विशेष पूजा होगी।
एसपी मनीष खत्री ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में अंधविश्वास और जादू-टोने की आशंका सामने आई है। जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि आरोपी पिछले छह महीनों से मानसिक तनाव में था। उसकी पत्नी का गर्भपात हो गया था, जिसके बाद उसे लगा कि देवी-देवता उससे नाराज हैं और उन्हें मनाने के लिए पूजा करना जरूरी है। इसी सोच के तहत उसने पड़ोसियों को बुलाया और फिर वारदात को अंजाम दे दिया।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं और पूरे घटनाक्रम की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी और मृतक एक-दूसरे के पड़ोसी थे तथा आपसी परिचय के कारण ही वे पूजा में शामिल होने पहुंचे थे।
फिलहाल आरोपी छत्रपति सिंह से विस्तृत पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। गांव में इस घटना के बाद से दहशत का माहौल बना हुआ है।








