एमपीपीएससी सहायक प्राध्यापक भर्ती: भूगोल विषय के इंटरव्यू 27 अप्रैल से, 96 पदों के लिए 464 अभ्यर्थी होंगे शामिल
इंदौर। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने सहायक प्राध्यापक भर्ती 2024 के तहत एक और विषय के लिए साक्षात्कार की तारीख घोषित कर दी है। आयोग ने लिखित परीक्षा में सफल हुए अभ्यर्थियों को 27 अप्रैल से होने वाले इंटरव्यू के लिए आमंत्रित किया है।
आयोग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस भर्ती में 96 पदों के लिए 464 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इंटरव्यू का दौर लगभग 10 दिनों में पूरा करने की योजना है। इसके बाद मई के दूसरे सप्ताह तक अंतिम परिणाम जारी होने की संभावना है।
दरअसल, सहायक प्राध्यापक 2024 के अंतर्गत दिसंबर 2024 में भूगोल विषय के पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसमें सबसे अधिक 36 पद अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा सामान्य और अनुसूचित जाति (एससी) के लिए 15-15 पद, अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए 20 पद तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए 10 पद तय किए गए हैं। इनमें से 25 पद सरकारी कॉलेजों में पढ़ाने वाले अतिथि विद्वानों के लिए आरक्षित रखे गए हैं।
इस भर्ती के लिए 1 जून 2025 को दो पालियों में लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के लगभग चार महीने बाद आयोग ने 28 अक्टूबर को परिणाम घोषित किया था, जिसे मुख्य और प्रावधिक सूची के रूप में जारी किया गया। परिणाम आने के बाद करीब 464 उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए योग्य घोषित किया गया, लेकिन तब से अभ्यर्थी इंटरव्यू की तारीख का इंतजार कर रहे थे।
हाल ही में आयोग ने अधिसूचना जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि 20 अप्रैल से उम्मीदवार अपने एडमिट कार्ड आयोग के पोर्टल से डाउनलोड कर सकेंगे।
साक्षात्कार के लिए जरूरी दस्तावेज
साक्षात्कार की तारीख घोषित करने के साथ ही आयोग ने आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। उम्मीदवारों को इंटरव्यू के दिन सुबह 9:30 बजे आयोग कार्यालय में रिपोर्ट करना होगा।
अभ्यर्थियों को अपने साथ सभी मूल शैक्षणिक दस्तावेज लाना अनिवार्य होगा। इनमें स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी से संबंधित प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, आय प्रमाणपत्र, मूल निवासी प्रमाणपत्र सहित अन्य जरूरी दस्तावेज शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार साक्षात्कार से पहले इन दस्तावेजों की जांच भी की जाएगी।








