सागर : बस स्टैंड क्षेत्र में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, नगर परिषद की सख्त कार्रवाई
सागर/सुरखी। नगर परिषद सुरखी ने रविवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस बल के साथ बस स्टैंड क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। लंबे समय से दुकानदारों द्वारा दुकानों के सामने अस्थायी शेड, टीन शेड और अन्य सामान रखकर अतिक्रमण किया जा रहा था, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा था।
नगर परिषद की टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से अतिक्रमण हटाना शुरू किया। कार्रवाई को देखते ही कई दुकानदारों में हड़कंप मच गया और उन्होंने स्वयं ही अपने-अपने शेड और सामान हटाना शुरू कर दिया। मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा, जिससे पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
जानकारी के अनुसार नगर परिषद द्वारा करीब एक माह पहले ही संबंधित दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए यह कदम उठाया।
कार्रवाई के दौरान नगर परिषद के सीएमओ केव्हीएस बघेल स्वयं मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद बस स्टैंड क्षेत्र में व्यवस्था सुधरने की उम्मीद जताई जा रही है।








