सागर के ढाना आर्मी कैंप स्थित यूनियन बैंक में नकबजनी का खुलासा, 36 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
खिड़की की ग्रिल काटकर बैंक में घुसा था आरोपी, कैश वॉल्ट तोड़ने का किया था प्रयास, चोरी का मोबाइल, साइकिल और लोहे की रॉड बरामद
सागर। आर्मी कैंप, एनसीओ एकेडमी ढाना परिसर स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में हुई नकबजनी की वारदात का ढाना पुलिस ने खुलासा करते हुये आरोपी को घटना के 36 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बैंक से रेडमी 9, मोबाइल फोन चोरी कर ले गया था और उसने कैश वॉल्ट का लॉक तोड़ने का भी प्रयास किया था, लेकिन वह इसमें सफल नहीं हो सका। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई साइकिल व लोहे की रॉड बरामद की है। पुलिस के अनुसार 11 और 12 अक्टूबर की दरमियानी रात अज्ञात आरोपी ने बैंक को निशाना बनाया। आरोपी खिड़की की ग्रिल को कटर से काटकर और चेहरा ढककर बैंक के अंदर दाखिल हुआ। इसके बाद उसने बैंक में रखा रेडमी 9, मोबाइल फोन चोरी कर लिया। साथ ही भारी लोहे के सब्बल से कैश वॉल्ट का लॉक तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहा। सुबह बैंक कर्मचारियों से घटना की जानकारी मिलने पर ढाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अज्ञात आरोपी के खिलाफ नकबजनी की धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई। संदेहियों से पूछताछ और लगातार पतासाजी के दौरान पुलिस को उदयपुरा, ढाना निवासी प्रदीप कुर्मी 26 पिता पुरुषोत्तम कुर्मी पर संदेह हुआ। सघन पूछताछ में उसने वारदात करना स्वीकार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वारदात वाली रात साइकिल से लोहे की रॉड लेकर पहुंचा था। चोरी के इरादे से आर्मी कैंप की फेंसिंग तोड़कर परिसर में दाखिल हुआ और बैंक की खिड़की की ग्रिल काटकर अंदर घुस गया। इसके बाद मोबाइल चोरी किया और कैश वॉल्ट का लॉक तोड़ने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल की गई साइकिल और लोहे की रॉड जब्त कर ली है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले का 36 घंटे के भीतर खुलासा करने और आरोपी को गिरफ्तार करने में उप निरीक्षक सत्यव्रत धाकड़, प्रधान आरक्षक नरेंद्र जादौन तथा आरक्षक कामेश, संजय गुर्जर और अभिषेक सेन की भूमिका रही।
सागर के ढाना आर्मी कैंप स्थित यूनियन बैंक में नकबजनी का खुलासा, 36 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
सागर के ढाना आर्मी कैंप ...
by Suraj Sen
[post_dates]

Sub Editor







