होम देश / विदेश मध्यप्रदेश राजनीति धर्म/अध्यात्म ऑटोमोबाइल सरकारी योजना खेल समाचार
By
On:

एक मारपीट, दो वीडियो और दो एफआईआर, बरा में बिजली विवाद ने पकड़ा तूल !

एक मारपीट, दो वीडियो और ...

[post_dates]

Sub Editor

Published on:

whatsapp

एक मारपीट, दो वीडियो और दो एफआईआर, बरा में बिजली विवाद ने पकड़ा तूल !

सरपंच प्रतिनिधि ने 6 पर तो विद्युतकर्मी ने 4 लोगों पर लगाये मारपीट के आरोप, वायरल वीडियो ने खोला घटनाक्रम का दूसरा पहलू

सागर। बण्डा के ग्राम पंचायत बरा में बिजली बिल और विद्युत व्यवस्था को लेकर शुरू हुआ विवाद अब मारपीट और क्रॉस केस तक पहुंच गया है। सरपंच प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह लोधी और विद्युत विभाग के आउटसोर्स कर्मचारी आशीष पांडे के बीच हुये विवाद के दो अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाये हैं। पुलिस ने दोनों शिकायतों पर अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला- सरपंच प्रतिनिधि की शिकायत पर 6 आरोपी
पुलिस के अनुसार ग्राम बरा निवासी लक्ष्मण सिंह लोधी की पत्नी साधना लोधी ग्राम पंचायत की सरपंच हैं। लक्ष्मण सिंह ने गांव में बिजली की समस्याओं और अधिक बिल आने को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के साथ कलेक्टर से शिकायत की थी। आरोप है कि इसी बात को लेकर उसके साथ मारपीट की गई। लक्ष्मण सिंह की शिकायत के मुताबिक 30 अगस्त की शाम करीब 4 से 5 बजे वह बाइक से नया बस स्टैंड जा रहा था। हल्के भैया के खेत के पास आशीष पांडे और गोलू सेन पीछे से बाइक पर आए और कट मारकर उसे सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद संजय भारती ने लोहे की रॉड से सिर पर वार किया। शिकायत में आगे आरोप लगाया गया कि कुछ देर बाद मनोज पटेल और महेंद्र लोधी मौके पर पहुंचे और उन्होंने भी रॉड व लाठी से मारपीट की। कार्तिक उर्फ गोलू सेन पर हाथ और पीठ में रॉड से वार करने तथा आशीष पांडे पर कॉलर पकड़कर खींचने और जूते से मारने का आरोप लगाया गया है। मारपीट के दौरान कैलाश नामक व्यक्ति द्वारा वीडियो बनाने और बीच बचाव करने की बात भी शिकायत में कही गई है। बाद में लोकेन्द्र राजपूत और संदीप मिश्रा के पहुंचने पर विवाद शांत हुआ। लक्ष्मण सिंह ने दोबारा शिकायत करने पर जान से खत्म करने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। घटना में घायल लक्ष्मण सिंह को पहले अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे बीएमसी सागर रेफर किया गया। पुलिस ने उसकी शिकायत पर छह लोगों के खिलाफ ठछै की धाराओं 296(बी), 115(2), 118(1), 351(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।

दूसरा वीडियो वायरल होते ही पलटा मामला

मामले में देर रात सामने आये दूसरे वीडियो ने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया। वायरल वीडियो में सरपंच प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह लोधी और कुछ अन्य ग्रामीण आउटसोर्स विद्युत कर्मचारी आशीष पांडे के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद आशीष पांडे ने भी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। आशीष पांडे के अनुसार रविवार शाम करीब 5.30 बजे वह अपने साथियों मनोज पटेल, गोलू सेन और महेंद्र लोधी के साथ बकाया बिजली बिल की वसूली कर उपकेंद्र केंद कंदवा लौट रहा था। बरा गांव के पास सरपंच प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह लोधी से उनका सामना हुआ। आरोप है कि लक्ष्मण सिंह ने विद्युत कर्मचारियों से कहा कि वे फ्री की तनख्वाह ले रहे हैं और बिजली का काम नहीं कर रहे हैं। इसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। आशीष का आरोप है कि उसे गाड़ी में धक्का देकर गिराया गया और इसके बाद कैलाश लोधी, लोकेन्द्र राजपूत और संदीप मिश्रा ने गाली गलौज करते हुये लात घूंसों से मारपीट की। आशीष के अनुसार पीछे से आ रहे मनोज पटेल और महेंद्र लोधी ने बीच बचाव किया। आरोप है कि इसके बाद चारों लोग जान से मारने की धमकी देकर चले गये।
पुलिस के सामने अब वीडियो और बयानों की परीक्षा
आशीष पांडे की शिकायत पर पुलिस ने सरपंच प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह लोधी, कैलाश लोधी, लोकेन्द्र राजपूत और संदीप मिश्रा के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया है। एक ही घटना को लेकर दोनों पक्षों की अलग-अलग शिकायतें और वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के सामने अब घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की चुनौती है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान लेने के साथ वायरल वीडियो, चोटों से संबंधित मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। फिलहाल इस विवाद में दोनों पक्षों पर कानूनी कार्यवाही शुरू हो चुकी है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर मामले की चर्चा और तेज हो गई है। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि विवाद की शुरुआत किस बात से हुई और मारपीट में किसकी क्या भूमिका रही।

Join our WhatsApp Group
Sub Editor

मैं सूरज सेन पिछले 6 साल से पत्रकारिता से जुड़ा हुआ हूं और मैने अलग अलग न्यूज चैनल,ओर न्यूज पोर्टल में काम किया है। खबरों को सही और सरल शब्दों में आपसे साझा करना मेरी विशेषता है।