5 हजार की रिश्वत लेते पंचायत सचिव रंगे हाथ गिरफ्तार, PM आवास की तीसरी किस्त के लिए मांगी थी रकम
देवास। प्रधानमंत्री आवास योजना की तीसरी किस्त जारी कराने के लिए जियो टैगिंग की प्रक्रिया पूरी करने के बदले 5 हजार रुपये की रिश्वत मांगना कमलापुर के पंचायत सचिव ओमप्रकाश सारण को महंगा पड़ गया। शिकायत की जांच के बाद बुधवार दोपहर लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने पंचायत सचिव को रिश्वत लेते हुए उसके कार्यालय से रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
लोकायुक्त की टीआई हिना डावर ने बताया कि ग्राम कमलापुर, तहसील बागली निवासी सलीम शाह पुत्र साबिर शाह ने विशेष पुलिस स्थापना लोकायुक्त उज्जैन के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत दी थी। सलीम ने बताया कि वर्ष 2026 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उसका आवास स्वीकृत हुआ था। योजना की पहली और दूसरी किस्त की राशि उसके बैंक खाते में मिल चुकी थी।
तीसरी किस्त के लिए जब सलीम पंचायत सचिव ओमप्रकाश सारण से मिला, तो आरोप है कि सचिव ने जियो टैगिंग कराने और तीसरी किस्त की राशि जारी करवाने के एवज में 5 हजार रुपये की मांग की।
शिकायत मिलने के बाद उप पुलिस अधीक्षक दिनेशचंद्र पटेल के माध्यम से लोकायुक्त कार्यालय उज्जैन ने मामले की जांच कराई। शिकायत में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद बुधवार को टीम कमलापुर पहुंची और कार्रवाई की योजना बनाई।
बताया गया कि शिकायतकर्ता सलीम शाह जैसे ही पंचायत सचिव ओमप्रकाश सारण को 5 हजार रुपये दिए, आसपास तैनात लोकायुक्त टीम के सदस्यों ने तत्काल उसे पकड़ लिया। इस कार्रवाई में लोकायुक्त की 10 सदस्यीय टीम शामिल रही। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।








