होम देश / विदेश मध्यप्रदेश राजनीति धर्म/अध्यात्म ऑटोमोबाइल सरकारी योजना खेल समाचार
By
On:

सागर के बंडा में जहरीली शराब का कहर – एक के बाद एक मौतों से मचा हड़कंप, ललितपुर से शराब सप्लाई की आशंका, जाने पूरा मामला 

सागर के बंडा में जहरीली ...

[post_dates]

Sub Editor

Published on:

whatsapp

सागर के बंडा में जहरीली शराब का कहर – एक के बाद एक मौतों से मचा हड़कंप, ललितपुर से शराब सप्लाई की आशंका, जाने पूरा मामला 

सागर। सागर जिले के बंडा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कई ग्रामों में कथित जहरीली शराब के सेवन से बड़ी जनहानि का मामला सामने आया है। शनिवार रात शराब पीने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई। अब तक करीब 10 से अधिक लोगों की मौत की सूचना है, जबकि लगभग 35 लोगों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल बंडा लाया गया। इनमें से कुछ मरीजों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) और जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया है। प्रशासन ने मौतों के आंकड़े बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया है।
घटना की जानकारी मिलते ही बंडा विधायक वीरेन्द्र सिंह लम्बरदार सिविल अस्पताल पहुंचे और भर्ती मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को मामले की गंभीरता से जांच करने और प्रभावित लोगों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इन गांवों में सामने आए मामले
जानकारी के अनुसार ग्राम नौराज, गूगराखुर्द, डिलौना, पाटन, बमूरा, हिनौती, चौका, दलपतपुर, लिधौरा सहित आसपास के कई गांवों में लोगों ने शराब का सेवन किया था। इसके बाद कई लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल बंडा लेकर पहुंचे, जहां कुछ लोगों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार कुछ लोग रात में शराब पीकर सो गए थे। देर रात उन्हें उल्टियां होने लगीं और हालत तेजी से बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया। कुछ मामलों में शराब पीने के कुछ ही समय बाद शरीर ठंडा पड़ने और अकड़न जैसे लक्षण दिखाई देने की बात सामने आई है।

मरीजों के शरीर पड़ रहे थे नीले, अकड़न की शिकायत

चिकित्सकों के अनुसार अस्पताल लाए गए कुछ मरीजों के शरीर पर नीलापन दिखाई दे रहा था और उन्हें शरीर में अकड़न महसूस हो रही थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में भेजी गई हैं। शराब का सेवन करने वाले लोगों की घर-घर स्क्रीनिंग कर उन्हें जांच और उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्रों एवं अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।

ललितपुर से शराब की सप्लाई की आशंका

देर रात घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया सिविल अस्पताल बंडा पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में शराब की सप्लाई उत्तर प्रदेश के ललितपुर से होने की बात सामने आने की जानकारी दी गई है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है तथा ललितपुर में भी शराब सप्लाई नेटवर्क की जांच की जा रही है।

छह शराब दुकानें सील, सैंपलिंग के निर्देश

घटना के बाद सागर कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर प्रशासन ने क्षेत्र की करीब छह शराब दुकानों को एहतियातन सील कर दिया है। इन दुकानों से शराब के सैंपल लिए जाकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। प्रशासन ने शराब कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर प्रतिभा पाल और पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया सहित राजस्व एवं प्रशासनिक अमले ने प्रभावित ग्राम नौराज और गूगराखुर्द पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती मरीजों के उपचार की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
कलेक्टर की लोगों से अपील
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति ने पिछले 24 से 48 घंटे के दौरान किसी भी प्रकार की शराब का सेवन किया है और उसे उल्टी, सिरदर्द, बुखार, शरीर में अकड़न या अन्य असामान्य लक्षण दिखाई दे रहे हैं तो वह तत्काल स्वास्थ्य केंद्र या सिविल अस्पताल पहुंचकर जांच कराए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार स्क्रीनिंग कर रही हैं।
मृतकों में इन लोगों के नाम बताए गए
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों में गोलू उर्फ चमन लोधी पिता साहब सिंह (45), गूगराखुर्द; दिग्विजय पिता देवेंद्र लोधी (28), नौराज; करतार सिंह पिता जोधन लोधी (30); उजियार पिता विजय सिंह लोधी (56), गूगराखुर्द; रोशन पिता जगन्नाथ लोधी (30), पाटन; राजेंद्र पिता मूरत लोधी (32), नौराज; हरनाम पिता घनश्याम राय (42), चौका; उत्तम पिता नाथू नायक (42), दलपतपुर; सुम्मेर पिता पूरन दांगी (47), बमूरा; राजकुमार पिता नन्नई लोधी (47), बमूरा तथा सुरेंद्र पिता सुखलाल अहिरवार (45), लिधौरा सहित अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं।
गंभीर मरीज बीएमसी सागर रेफर
सिविल अस्पताल बंडा में प्रारंभिक उपचार के बाद गंभीर मरीजों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज एवं जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया है। इनमें धन सिंह (30), हिनौती; मक्खन पिता अनरथ, गूगराखुर्द; मंगल पिता अनरथ रजक (40), गूगराखुर्द; परम पिता रण सिंह आदिवासी, हिनौती; चंद्रभान पिता भगवत लोधी (48), नौराज; अजय पिता नत्थू लोधी (30), नौराज; विनोद पिता कलू, गूगराखुर्द तथा राघवेंद्र पिता किशोर सिंह लोधी (32), नौराज शामिल बताए गए हैं।
पूर्व विधायक ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी ने सरकार और राज्यपाल से मांग की है कि मामले में दोषियों के खिलाफ हत्या की धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज किया जाए। उन्होंने जहरीली शराब से जान गंवाने वाले प्रत्येक परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग भी की है।

वहीं कांग्रेस जिला ग्रामीण अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने कहा कि शराब माफिया के खिलाफ कांग्रेस लगातार आवाज उठाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सागर जिले सहित पूरे प्रदेश में शराब माफिया का नेटवर्क फैला हुआ है और अवैध शराब का कारोबार नई पीढ़ी को बर्बाद कर रहा है।

प्रशासन ने संभाला मोर्चा

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि प्रभावित लोगों के इलाज और जांच के लिए सिविल अस्पताल में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। मुख्य प्रभावित क्षेत्रों में डॉक्टरों और एसडीएम की टीम घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग कर रही है। सभी मामलों पर लगातार नजर रखी जा रही है और स्थिति के अनुसार आवश्यक चिकित्सा एवं प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल प्रशासन द्वारा शराब के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों के वास्तविक कारण और शराब में मिलावट अथवा जहरीले पदार्थ की पुष्टि हो सकेगी।

Join our WhatsApp Group
Sub Editor

मैं सूरज सेन पिछले 6 साल से पत्रकारिता से जुड़ा हुआ हूं और मैने अलग अलग न्यूज चैनल,ओर न्यूज पोर्टल में काम किया है। खबरों को सही और सरल शब्दों में आपसे साझा करना मेरी विशेषता है।
प्रमुख खबरें
View All