सागर में पेट्रोल की बोतल लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचा व्यक्ति, आत्मदाह से पहले पुलिस ने पकड़ा
सागर। कलेक्टर कार्यालय के मुख्य गेट पर गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे एक युवक ने आत्मदाह करने की कोशिश की। युवक पेट्रोल से भरी बोतल लेकर पहुंचा था, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और बोतल छीन ली। इसके बाद युवक को मोतीनगर थाने ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार जतिन पटवा निवासी बाघराज कॉलोनी अपनी पत्नी रचना पटवा समेत अन्य लोगों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान जतिन पेट्रोल से भरी बोतल लेकर आत्मदाह करने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो वह दौड़ पड़े, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
जतिन का आरोप है कि मोतीनगर थाना पुलिस मारपीट के एक मामले में उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं कर रही है और उल्टा उनके खिलाफ ही झूठी एफआईआर दर्ज कर दी गई है। इसी से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाने की कोशिश की
जतिन की पत्नी रचना पटवा ने बताया कि 13 फरवरी की रात जतिन किराना दुकान से घर लौट रहे थे, तभी पड़ोस में रहने वाले अक्षय सोनी और उसके परिजनों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची रचना के साथ भी मारपीट की गई, जिससे परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हो गए।
परिवार का कहना है कि घटना के बाद अस्पताल में उपचार कराने के बावजूद पुलिस ने उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की और उनके खिलाफ ही मामला दर्ज कर लिया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।.








