पुलिस की अवैध शराब तस्करी पर कार्रवाई, 63 बल्क लीटर देशी शराब जब्त,दो आरोपी गिरफ्तार कर भेजे जेल, मोटर साइकिल और मोबाइल फोन जब्त
बीना। अवैध शराब के परिवहन और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिये पुलिस ने कार्रवाई करते हुये 63 बल्क लीटर देशी शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से शराब के साथ एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। मामले में अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार 15 अक्टूबर की रात्रि बीना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि खिमलासा की ओर से लाल.काले रंग की मोटर साइकिल पर दो व्यक्ति अवैध शराब लेकर बीना आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने संदिग्ध मार्ग पर घेराबंदी कर निगरानी शुरू की। इसी दौरान रेलवे पुलिया पार करके आ रही संदिग्ध मोटर साइकिल को रोककर उसमें सवार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की गई। उनकी पहचान समंदर पिता जगदीश बागड़ी 29 निवासी खिरिया थाना कुरवाई जिला विदिशा तथा प्रदीप पिता शिवदत्त चौहान 59 निवासी कुरवाई के रूप में हुई। पुलिस ने मोटर साइकिल पर रखे बैग और थैलों की तलाशी ली, जिसमें देशी शराब भरी हुई मिली। शराब के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने 63 बल्क लीटर देशी शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 35 हजार रुपये बताई गई है, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कुरवाई निवासी सुनील राय के यहां मजदूरी करते हैं और उसके कहने पर खिमलासा स्थित शराब दुकान से सात पेटी शराब लेने गए थे। आरोपियों के कथन के अनुसार खिमलासा शराब दुकान के गद्दीदार हरगोविन्द राय ने उन्हें शराब दी थी। इसके बाद शराब को पेटियों से निकालकर बैग और थैलों में रखा गया तथा उसे बीना निवासी रितिक खटीक तक पहुंचाने की बात सामने आई। पुलिस इन बयानों और सामने आये तथ्यों की जांच कर रही है। मामले में अन्य व्यक्तियों की भूमिका का पता लगाने के लिये विवेचना जारी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप यादव, कस्तूरी बाई, लखन राज, विजय गौतम, प्रेमजीत सिंह, भूपेन्द्र सोलंकी, राहुल सोलंकी, बाबूलाल, दीप सिंह, महेश, ब्रजेन्द्र सिंह और सूरज शर्मा की भूमिका रही।
पुलिस की अवैध शराब तस्करी पर कार्रवाई, 63 बल्क लीटर देशी शराब जब्त,दो आरोपी गिरफ्तार कर भेजे जेल, मोटर साइकिल और मोबाइल फोन जब्त
पुलिस की अवैध शराब तस्करी ...
by Suraj Sen
[post_dates]

Sub Editor







