MP : मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के तहत 242 करोड़ का प्रावधान, तीन प्रमुख तिथियां तय; हर जिले में होंगे आयोजन
भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर, जरूरतमंद और निराश्रित परिवारों की बेटियों के विवाह को सहयोग देने के लिए मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के तहत अगले वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए व्यापक योजना तैयार की है। इसके तहत प्रदेश में 44 हजार से अधिक जोड़ों का सामूहिक विवाह कराने का लक्ष्य रखा गया है, जिस पर करीब 242 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
तीन प्रमुख तिथियां घोषित
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इस वर्ष सामूहिक विवाह कार्यक्रमों के लिए तीन मुख्य अवसर तय किए गए हैं। इनमें 19 अप्रैल 2026 को अक्षय तृतीया, 20 नवंबर 2026 को देवउठनी ग्यारस/तुलसी विवाह और 11 फरवरी 2027 को वसंत पंचमी शामिल हैं। इसके अलावा, स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जिला कलेक्टरों को एक अतिरिक्त तिथि निर्धारित करने का अधिकार भी दिया गया है।
प्रदेशभर में होंगे आयोजन
यह सामूहिक विवाह कार्यक्रम मध्य प्रदेश के सभी 55 जिलों में आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक आयोजन में कम से कम 11 और अधिकतम 200 जोड़े शामिल हो सकेंगे। इस योजना के तहत करीब 800 कार्यक्रम आयोजित कर कुल 44 हजार से अधिक विवाह संपन्न कराने का लक्ष्य तय किया गया है।
प्रति विवाह 55 हजार की मदद
योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े पर 55 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इसमें से 49 हजार रुपये सीधे कन्या के बैंक खाते में ट्रांसफर किए जाते हैं, जबकि शेष 6 हजार रुपये आयोजन की व्यवस्था के लिए संबंधित समिति को दिए जाते हैं।
पिछले वर्ष का आंकड़ा
वित्तीय वर्ष 2025-26 में इस योजना के तहत प्रदेश में 51,899 कन्या विवाह और 28,362 निकाह कराए गए थे। इन आयोजनों पर सरकार ने 321 करोड़ रुपये से अधिक की राशि व्यय की थी।








