सागर में पीडब्ल्यूडी कर्मचारी ने की आत्महत्या, किराए के कमरे में फंदे पर मिला शव
सागर। गोपालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत वन विभाग गली में किराए के कमरे में रहने वाले पीडब्ल्यूडी कर्मचारी का शव मंगलवार देर शाम फंदे पर झूलता मिला। मृतक की पहचान शिवम दीवान पिता स्वर्गीय कैलाश दीवान के रूप में हुई है।
मंगलवार शाम करीब 7:15 बजे शिवम का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही गोपालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। बुधवार सुबह करीब 11 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार मृतक शिवम दीवान मूल रूप से मुहार खास देवरी का निवासी था और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में कार्यरत था। उसे अपने पिता के निधन के बाद अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। शिवम अपने चचेरे भाई के साथ सागर में किराए के कमरे में रह रहा था।
फिलहाल शिवम द्वारा आत्मघाती कदम उठाने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। गोपालगंज पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।








