सागर : दिनदहाड़े बाइक चोरी, CCTV में कैद हुआ आरोपी, शास्त्री वार्ड में बढ़ती वारदातों से लोग चिंतित
सागर। शास्त्री वार्ड में रविवार दोपहर एक बार फिर बाइक चोरी की घटना सामने आई, जिसने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पानी की टंकी के पास एक घर के बाहर खड़ी बाइक को अज्ञात चोर लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें आरोपी साफ तौर पर नजर आ रहा है।
मामले में पीड़ित लोकेश राजपूत (38), निवासी शास्त्री वार्ड, ने शाम को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि रविवार दोपहर उन्होंने अपनी बाइक (एमपी 15 एम व्ही 8751) घर के बाहर खड़ी की थी। कुछ समय बाद जब वह बाहर आए, तो बाइक वहां से गायब थी।
घटना के बाद आसपास काफी खोजबीन की गई, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं लग सका। बाद में घर के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक व्यक्ति बाइक ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में साफ दिखता है कि आरोपी बिना किसी डर के गली से निकल जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा का माहौल बन गया है। इससे पहले 6 फरवरी को महावीर चौक के पास भी दिनदहाड़े एक भाजपा नेता की बाइक चोरी हो चुकी है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के चलते अब लोग अपनी गाड़ियों की सुरक्षा को लेकर ज्यादा सतर्क हो गए हैं और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।








