सागर : दो दिन से लापता 17 वर्षीय कर्मचारी का गोदाम में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
खिमलासा में हार्डवेयर व्यापारी के गोदाम में फंदे पर लटका मिला नाबालिग, शनिवार दोपहर से परिजन और दुकानदार कर रहे थे तलाश
सागर/बीना। खिमलासा में एक हार्डवेयर दुकान पर काम करने वाले 17 वर्षीय किशोर का शव सोमवार को व्यापारी के गोदाम में फंदे पर लटका मिला। किशोर शनिवार दोपहर से लापता था। परिजन और दुकानदार उसकी तलाश में जुटे हुए थे। इसी बीच सोमवार को व्यापारी जब किसी काम से गोदाम पहुंचा, तो वहां किशोर का शव देखकर हैरान रह गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए खुरई सिविल अस्पताल भेजा।
जानकारी के अनुसार, खिमलासा थाना क्षेत्र के ग्राम पथरिया जैगन निवासी 17 वर्षीय मोहित कुशवाहा हार्डवेयर व्यापारी सन्नी जैन की दुकान पर काम करता था। शनिवार सुबह भी वह रोज की तरह दुकान पहुंचा था। दोपहर में नाश्ता करने की बात कहकर वह दुकान से निकला, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा।
काफी समय बीतने के बाद भी जब मोहित दुकान पर नहीं पहुंचा, तो व्यापारी ने उसके परिजन को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोगों और दुकानदार ने उसके मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद से ही परिजन और व्यापारी उसकी तलाश कर रहे थे।
सोमवार को व्यापारी सन्नी जैन किसी काम से अपने गोदाम पहुंचा। वहां मोहित का शव फंदे पर लटका देखकर उसने तुरंत पुलिस और किशोर के परिवार को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए खुरई सिविल अस्पताल भिजवाया।
मोहित के पिता गोविंद कुशवाहा ने बताया कि शनिवार दोपहर से ही परिवार के लोग बेटे को तलाशने के लिए जगह-जगह भटक रहे थे। हालांकि, मोहित ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
खिमलासा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।








