सागर वासियों ध्यान दें ! कल पानी की सप्लाई रहेगी बंद, इन तारीखों पर बदलेगा जल वितरण..जाने
सागर। नगर निगम द्वारा शहरवासियों को बेहतर और सुचारू पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजघाट जल आवर्धन परियोजना के अंतर्गत शहर की सभी पेयजल टंकियों की सफाई एवं इतवारी टंकी के वाल्व मरम्मत का कार्य किया जायेगा। इस कार्य के चलते कल शुक्रवार को शहर की जलापूर्ति पूर्ण रूप से बंद रहेगी। नगर निगम जलप्रदाय शाखा के अनुसार 31 जुलाई को जिन क्षेत्रों में जलप्रदाय प्रस्तावित था, वहां टंकियों की सफाई एवं वाल्व मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद 1 अगस्त शनिवार को जलापूर्ति की जायेगी। इसी प्रकार जिन क्षेत्रों में 1 अगस्त को जलप्रदाय निर्धारित था, वहां 2 अगस्त रविवार को पानी की आपूर्ति की जायेगी। नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जलापूर्ति बाधित रहने की अवधि को ध्यान में रखते हुये आवश्यकतानुसार पानी का संग्रह कर लें और जल का अनावश्यक उपयोग न करें। निगम ने बताया कि यह आवश्यक रखरखाव कार्य भविष्य में बेहतर एवं निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिये किया जा रहा है। इसके साथ ही जवाहरगंज वार्ड के भीतर बाजार, गौरीशंकर मंदिर, शीतला माता मंदिर, परकोटा वन.वे, कान्हा ब्रेकर्स गली, दयानंद वार्ड के कीर्ति स्तंभ से लच्छू तिगड्डा, घंशु मुंशी मस्जिद से आलम मिठिया मार्ग तथा कटरा वार्ड स्थित वर्णी कॉलोनी एवं मीट मार्केट के पीछे के क्षेत्रों में पुरानी पाइप लाइन को बंद कर नई पाइप लाइन से 3 अगस्त से नियमित जलप्रदाय प्रारंभ किया जायेगा। नगर निगम ने संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि जिन घरों में अभी तक नई पाइप लाइन से नल कनेक्शन नहीं हुआ है, वे जलप्रदाय शाखा से नियमानुसार कनेक्शन स्वीकृत कराकर शीघ्र नई पाइप लाइन से जुड़ जायें, ताकि उन्हें नियमित और गुणवत्तापूर्ण जलापूर्ति का लाभ मिल सके। निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने जलप्रदाय शाखा एवं टाटा प्रोजेक्ट के अधिकारियों को सभी टंकियों की सफाई और इतवारी टंकी के वाल्व मरम्मत कार्य को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने के निर्देश दिये।








