सागर : चेन लूटने वाले दो नाबालिग पकड़े, पुलिस ने बाइक और सोने का पेंडेंट किया बरामद
महाकाली मंदिर के पीछे महिला से मंगलसूत्र छीना था, करीब 1.20 लाख का माल जब्त
सागर। खुरई शहर पुलिस को संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चल रहे अभियान में बड़ी कामयाबी मिली है। चेन स्नैचिंग की वारदात का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दो विधि विवादित बालकों को पकड़ा है। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और सोने का मंगलसूत्र पेंडल बरामद हुआ है। जब्त सामान की कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देश पर की गई। अभियान का मकसद चोरी-लूट की घटनाओं पर रोक लगाना और लूटी गई संपत्ति की वापसी सुनिश्चित करना है। इस ऑपरेशन को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर नरेन्द्र सोलंकी और एसडीओपी खुरई काजल सिंह (IPS) के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया।
कैसे हुई वारदात
मामला 24 सितंबर 2026 का है। आवास कॉलोनी, खुरई निवासी ममता विश्वकर्मा ने थाना खुरई शहर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि महाकाली मंदिर के पीछे बाइक पर सवार दो अज्ञात युवकों ने उनके गले से मंगलसूत्र झपट लिया और तेजी से भाग निकले।
शिकायत के आधार पर थाना खुरई शहर में अपराध क्रमांक 291/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी जांच और मुखबिर की मदद से पकड़े गए आरोपी
घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र सिंह दांगी के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने मौके और आसपास के इलाकों में लोगों से पूछताछ की, सीसीटीवी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयास के बाद पुलिस दोनों नाबालिग आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। पूछताछ के बाद चोरी गया माल और वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद कर लिया गया।
क्या-क्या जब्त हुआ
पुलिस के मुताबिक आरोपियों से एक मोटरसाइकिल जो घटना में इस्तेमाल हुई थी और सोने का एक मंगलसूत्र पेंडल जब्त किया गया है। दोनों की कुल अनुमानित कीमत 1,20,000 रुपये है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस खुलासे में थाना प्रभारी योगेन्द्र सिंह दांगी के साथ उप निरीक्षक अशोक उपाध्याय, संतोष सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक जोगेंद्र सिंह, मुन्ना लाल, राजेश कुमार और आरक्षक देवेन्द्र, धीरेन्द्र सिंह, विकास, सोनू सहित खुरई शहर थाने की पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस ने लोगों से की अपील
सागर पुलिस का कहना है कि संपत्ति से जुड़े अपराधों को रोकने, आरोपियों को पकड़ने और लूटी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत नजदीकी थाने या डायल-112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराधों पर नियंत्रण पाया जा सके।








