सागर : 2 महीने से लापता बिहार का युवक सागर में मिला, ट्रेन हादसे के बाद पुलिस ने परिवार से मिलाया मानवता की मिसाल
सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले से पुलिस की संवेदनशीलता और मानवता की एक मिसाल सामने आई है। बीना क्षेत्र में 6 अप्रैल को ट्रेन हादसे में घायल मिले एक अज्ञात युवक की सागर पुलिस ने पहचान कर उसे उसके परिजनों से मिलवा दिया।
गंभीर हालत और बेहोशी के कारण युवक अपनी पहचान बताने में असमर्थ था, जिसे बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर में भर्ती कराया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच की, जिसमें युवक की पहचान गौतम दास (34), निवासी जिला कटिहार (बिहार) के रूप में हुई।
पहचान के बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया, जिस पर वे सागर पहुंचे और बीएमसी में भर्ती गौतम दास से मुलाकात की। परिजनों ने बताया कि वह पिछले दो महीनों से लापता था और लगातार उसकी तलाश की जा रही थी।
इस पूरे मामले में थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा, पुलिसकर्मी सोनू जाटव, मुकेश पटेल तथा महिला आरक्षक दीपा और मनीषा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वर्तमान में गौतम दास का इलाज जारी है और उसकी हालत में सुधार हो रहा है। परिजनों ने सागर पुलिस के इस मानवीय प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया है।








