सागर में सनसनी! महार रेजिमेंट के सामने खेत में मिला युवक का सिर कुचला शव
सागर। केंट थाना क्षेत्र अंतर्गत महार रेजिमेंट के सामने स्थित खेत में गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव का सिर पत्थर से बुरी तरह कुचला गया था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि पहचान छिपाने की कोशिश की गई है।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9 बजे खेत में शव पड़े होने की सूचना केंट थाना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की। प्रारंभिक पड़ताल में मृतक की पहचान भैंसा निवासी मनोज पिता प्रेम नारायण अहिरवार (उम्र 33 वर्ष) के रूप में हुई है। जो मजदूरी करता था, सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे जिन्होंने पहचान की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और मामले की सूक्ष्मता से पड़ताल जारी है।








