सागर : चमेली चौक के पास अज्ञात नवजात का शव मिलने से फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चमेली चौक के पास रविवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक अज्ञात नवजात का शव मिला। क्षेत्रीय लोगों ने नवजात को देखकर तुरंत शाम करीब 5 बजे मोतीनगर थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात को वहां किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा।
इसके साथ ही पुलिस आसपास के अस्पतालों और निजी नर्सिंग होम में भी पूछताछ कर रही है। मोतीनगर थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की। सीसीटीवी फुटेज और अस्पतालों से प्राप्त जानकारी के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी आरोपी सामने आएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।








