जैसीनगर में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन: 9 सूत्रीय मांगों को लेकर तहसील तक रैली, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
सागर जिले के जैसीनगर ब्लॉक में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनसमस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनिल सोनी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता दोपहर करीब 3 बजे बस स्टैंड पर एकत्रित हुए। यहां से रैली निकालते हुए सभी तहसील कार्यालय पहुंचे, जहां राज्यपाल के नाम तहसीलदार हरीश लालवानी को 9 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में क्षेत्र की विभिन्न मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने रसोई गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने और शहरी-ग्रामीण क्षेत्रों में बुकिंग के अंतर को समाप्त करने की मांग की। वहीं हाल ही में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों का सर्वे कर शीघ्र मुआवजा देने की बात कही गई।
वृद्धावस्था पेंशन में हो रही देरी को गंभीर समस्या बताते हुए हर महीने समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग रखी गई। इसके अलावा जैसीनगर में लंबे समय से प्रस्तावित 132 केवी विद्युत उपकेंद्र के लिए शीघ्र भूमि चयन कर स्थापना करने की मांग भी उठाई गई, ताकि क्षेत्र में बार-बार हो रही बिजली कटौती से राहत मिल सके। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 10 अप्रैल से गेहूं खरीदी प्रारंभ करने, मंडी में पर्याप्त बारदाने की व्यवस्था करने और शासकीय महाविद्यालय के नवीन भवन में शीघ्र कक्षाएं शुरू करने की मांग की। ज्ञापन में मनरेगा योजना में लागू एनएमएस व्यवस्था को समाप्त कर कार्यप्रणाली को सरल बनाने की बात भी कही गई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री की घोषणाओं के तहत जैसीनगर को नगर पंचायत का दर्जा देने और कन्या हाई स्कूल खोलने की मांग दोहराई गई। प्रधानमंत्री आवास योजना में पारदर्शिता लाने के लिए हितग्राहियों की सूची सार्वजनिक करने तथा 15वें वित्त आयोग के कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी शामिल रही।कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आगामी दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।








