सड़क पर कीचड़ से पैदल चलना भी मुश्किल, दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर रहे; ग्रामीणों ने अस्थायी मरम्मत की मांग की
सागर। नरयावली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कांचरी में बारिश के बाद मुख्य सड़क की स्थिति बदहाल हो गई है। सड़क पर कई जगह पानी के साथ कीचड़ और दलदल जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत स्कूल जाने वाले बच्चों को हो रही है।
स्थानीय लोगों ने बुधवार शाम करीब 4 बजे बताया कि बारिश के कारण सड़क पर इतना कीचड़ हो गया है कि बच्चों का स्कूल आना-जाना मुश्किल हो रहा है। सड़क की खराब स्थिति के चलते दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी रास्ता जोखिम भरा हो गया है। कीचड़ में वाहन फिसलने से लोग गिर रहे हैं और दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, संबंधित सड़क के निर्माण की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है, लेकिन लगातार बारिश के चलते निर्माण कार्य फिलहाल शुरू नहीं हो सका है। ऐसे में ग्रामीणों ने मांग की है कि स्थायी निर्माण शुरू होने तक सड़क के ज्यादा खराब और दलदली हिस्सों पर डस्ट या अन्य उपयुक्त सामग्री डलवाकर अस्थायी सुधार कराया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि इससे बारिश के दौरान स्कूली बच्चों के साथ आम लोगों को भी आने-जाने में राहत मिलेगी और सड़क पर फिसलने से होने वाली घटनाओं का खतरा भी कम किया जा सकेगा।








