सागर। नरयावली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेमरा लहरिया स्थित देव रमण जानकी मंदिर में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोर मंदिर का ताला तोड़कर भगवानों के सोने-चांदी के कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए।
मंदिर समिति के सदस्य राजकुमार यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार रात करीब 9 बजे पुजारी और ग्रामीण मंदिर में ताला लगाकर अपने-अपने घर चले गए थे। मंगलवार सुबह लगभग 5:30 बजे जब पुजारी और ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो मंदिर के चैनल गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर तीन चांदी के मुकुट,छत्र सोने की बालियां, सहित अन्य सामग्री गायब पाई गई।
घटना की सूचना तत्काल नरयावली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुट गई है।
गौरतलब है कि इसी रात नरयावली थाना क्षेत्र के ही रूपऊ गांव में भी मंदिर में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। एक ही रात में दो मंदिरों में चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।








