जॉय एंड कैंपियन स्कूल में तिलक और बिंदी हटाने के आरोप से विवाद, हिंदू संगठनों ने की कार्रवाई की मांग
मोतीनगर थाने में शिकायत दर्ज, पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
सागर। शहर के मोतीनगर थाना क्षेत्र स्थित जॉय एंड कैंपियन स्कूल में एक छात्र के तिलक और छात्रा की बिंदी हटवाने के आरोप को लेकर विवाद गहरा गया है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी स्कूल पहुंचे और विरोध जताया। इसके बाद उन्होंने मोतीनगर थाने पहुंचकर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए उचित कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, कक्षा 10वीं में पढ़ने वाला एक छात्र अपनी बहन के साथ स्कूल पहुंचा था। आरोप है कि स्कूल संचालक पंकज मुखारिया ने छात्र के माथे पर लगा तिलक और छात्रा की बिंदी हटवा दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि बच्चों से अभद्र भाषा में बात की गई और भविष्य में तिलक या बिंदी लगाकर स्कूल आने पर नाम काटने की चेतावनी भी दी गई।
बताया जा रहा है कि स्कूल से घर लौटने के बाद दोनों बच्चों ने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। इसके बाद मामला हिंदू संगठनों के संज्ञान में आया और संगठन के पदाधिकारी स्कूल पहुंचे। बाद में उन्होंने मोतीनगर थाने में लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
हिंदू संगठन के पदाधिकारी दिनकर तिवारी ने आरोप लगाया कि उन्हें पहले भी स्कूल में सनातन परंपराओं से जुड़े कुछ मामलों की शिकायतें मिली थीं। उनका कहना है कि इस घटना से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आगे आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
संगठन के पदाधिकारियों का दावा है कि स्कूल प्रबंधन के साथ हुई बातचीत के दौरान घटना को स्वीकार किया गया। हालांकि, इस पूरे मामले पर स्कूल प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या बयान सामने नहीं आया है।
उधर, मोतीनगर पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








