सागर में दर्दनाक सड़क हादसा: कार और बाइक की जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौत, युवती गंभीर घायल
बहेरिया थाने के सामने हुआ हादसा, टक्कर के बाद वाहन रेलिंग तोड़ते हुए परिसर तक पहुंचे; पुलिस ने जांच शुरू की
सागर। जिले के गढ़ाकोटा रोड स्थित बहेरिया थाना के सामने शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। कार और बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत इतनी भयावह थी कि बाइक सवार उछलकर थाने की रेलिंग तोड़ते हुए परिसर के भीतर जा गिरे। वहीं, कार भी अनियंत्रित होकर आगे जाकर टकरा गई।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल युवती का उपचार जारी है। कार में सवार दो युवकों को मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस की शुरुआती जांच में मृतकों की पहचान रामचरण अहिरवार (28) निवासी बरायठा और सुनील अहिरवार (23) निवासी बराज के रूप में हुई है। हादसे में घायल युवती की पहचान खुशबू अहिरवार (20) निवासी बम्होरी बीका के रूप में हुई है। युवती ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी सुनील से होने वाली थी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि परिजनों के पहुंचने के बाद ही इस संबंध में पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
दुर्घटना के बाद पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। कार में सवार अमित यादव और उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक सुरक्षित बताए गए हैं।
बहेरिया थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर ने बताया कि कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दो लोगों की मौत हुई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मृतक किस दिशा में जा रहे थे। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। मामले में प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
सागर में दर्दनाक सड़क हादसा: कार और बाइक की जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौत, युवती गंभीर घायल
सागर में दर्दनाक सड़क हादसा: ...
by Suraj Sen
[post_dates]

Sub Editor







