मारपीट कर भाग रहे ट्रक ने खड़ी अर्टिगा को मारी टक्कर, कार सवार बाल-बाल बचे
सागर/मालथौन। नेशनल हाईवे 44 के झांसी-लखनादौन मार्ग पर बांदरी थाना क्षेत्र की रजवांस चौकी अंतर्गत शनिवार को टमाटर से भरे ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी अर्टिगा कार को जोरदार टक्कर मार दी, कार खेत मे उतर गई ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। टमाटर के सड़क किनारे बिखर गये। हादसे में कार सवार तीन लोग बाल-बाल बच गये। वही ट्रक ड्राइवर और क्लीनर को घायल अवस्था में नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिये भेजा गया। जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक आरजे 11 जीडी 6113 टमाटर लेकर जा रहा था। वही अर्टिगा कार क्र. एमपी 51 जेडएफ 3136 में सवार तीन लोग मंडला जिले से जम्मू कश्मीर जा रहे थे। कार सवारों ने बताया कि वे अपने भाई को जम्मू कश्मीर छोड़ने जा रहे थे, जो सीआरपीएफ में आरक्षक के पद पर तैनात हैं। रास्ते में हाईवे किनारे कार खड़ी कर वे बाथरूम करने के लिये रुके थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार ट्रक चालक बांदरी में मारपीट की घटना के बाद वहां से भाग रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने ट्रक की रफ्तार और बढ़ा दी। इसी दौरान रजवांस चौकी क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी कार में ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन उसमें सवार तीनों लोग सुरक्षित बच गये। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।








