जैसीनगर-भापेल रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, चार घायल
सागर/जैसीनगर। जैसीनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर करीब 3.30 बजे जैसीनगर-भापेल मार्ग पर ओरिया पुल के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोग घायल हो गये। हादसे के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों की मदद में जुट गये। जानकारी के अनुसार ताजपुर निवासी लक्ष्मण अहिरवार 52 मोटरसाइकिल से जैसीनगर से अपने गांव ताजपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दूसरी मोटरसाइकिल पर नरसिंहपुर निवासी अमित यादव 25, अभिषेक पाली 20 और यशवंत यादव 26 सवार होकर जा रहे थे। जैसे ही दोनों मोटरसाइकिलें ओरिया पुल के पास पहुंची, किसी कारणवश दोनों वाहन आमने-सामने आ गये और उनमें जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार चारों लोग सड़क पर गिर गये और घायल हो गये। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जैसीनगर थाना पुलिस की डायल.112 टीम मौके पर पहुंची। आरक्षक संदीप रैकवार, पायलट अजय पवार और नीलेश ने तत्परता दिखाते हुये चारों घायलों को डायल.112 वाहन से जैसीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालत को देखते हुये चिकित्सकों ने चारों घायलों को बेहतर उपचार के लिये सागर रेफर कर दिया। हादसे में दोनों मोटरसाइकिलों को भी क्षति पहुंची है। घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। पुलिस द्वारा यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों मोटर साइकिलों की आमने-सामने टक्कर किन परिस्थितियों में हुई। दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
जैसीनगर-भापेल रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, चार घायल
जैसीनगर-भापेल रोड पर दो बाइकों ...
by Suraj Sen
[post_dates]

Sub Editor







