ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से गुंडागर्दी का एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा यह वीडियो ग्वालियर के गिजौर्रा इलाके का बताया जा रहा है, जिसमें दो लोगों को खेत में जमीन पर उल्टा लिटाकर एक शख्स बेल्ट से बेरहमी से पीटता नजर आ रहा है।
बताया जा रहा है कि मारपीट करने वाला व्यक्ति सतीश यादव है, जो ग्वालियर का कुख्यात और आदतन अपराधी माना जाता है। वीडियो में सतीश लगातार दोनों पीड़ितों पर बेल्ट बरसा रहा है और उनसे पूछ रहा है अब बताओ गुंडा कौन ? दर्द से तड़पते दोनों व्यक्ति जवाब में बार-बार कहते हैं – सतीश, सतीश, सतीश।
खाल से मांस तक उधड़ गया, शरीर पर पड़े गहरे निशान
वीडियो में दिख रहा है कि आरोपी ने पीड़ितों को इतनी बेरहमी से पीटा कि उनके पीठ और शरीर के निचले हिस्सों पर बेल्ट के गहरे निशान बन गए हैं। चाबुक की मार से खाल तक फट गई और मांस झलकने लगा। इस बर्बरता ने इलाके में सनसनी फैला दी है, जबकि लोगों में यह चर्चा जोरों पर है कि आखिर ग्वालियर में गुंडे इतने बेखौफ कैसे हैं।
पुलिस ने बताया पुराना वीडियो, अब तक नहीं दर्ज हुई शिकायत
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में फिलहाल यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि यह “पुराना वीडियो” है और अब तक थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि जब इतना भयावह वीडियो खुलेआम सामने आ चुका है, तो पुलिस किसी शिकायत का इंतजार क्यों कर रही है?
पिछले मामलों में पुलिस ने ऐसे ही वायरल वीडियो या गोलीबारी की घटनाओं पर स्वतः संज्ञान लेकर आरोपियों को गिरफ्तार किया था, लेकिन इस बार प्रशासन की सुस्ती पर आमजन में नाराजगी है।
रेत खदान विवाद से जुड़ा बताया जा रहा मामला
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह झगड़ा रेत खदान के संचालन को लेकर हुआ था। माना जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से तनातनी चल रही थी, जो हिंसा में बदल गई। वीडियो में साफ सुना जा सकता है कि मारपीट के दौरान दोनों पक्षों के बीच खदान से जुड़े मुद्दों पर बहस हो रही है।
एसएसपी ने दिए जांच के आदेश, दतिया के रहने वाले हैं पीड़ित
ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एएसपी जयराज कुबेर और एसडीओपी डबरा को जांच सौंपी है। प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई है कि वीडियो वास्तव में गिजौर्रा क्षेत्र का ही है। जिन दो लोगों की पिटाई की गई, उनकी पहचान दतिया जिले के राजेंद्र यादव और नरेश यादव के रूप में हुई है।
एसडीओपी डबरा की टीम जब दोनों के घर पहुंची, तो वे उस समय खेतों में काम कर रहे थे। पुलिस अब उनसे बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगी।
जनता में आक्रोश, पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। नागरिकों का कहना है कि जब गुंडे खुलेआम लोगों को पीटकर वीडियो बना रहे हैं, तो पुलिस की निष्क्रियता अस्वीकार्य है। लोग मांग कर रहे हैं कि आरोपी सतीश यादव और उसके साथियों पर कठोर कार्रवाई की जाए ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।








