सागर जिला न्यायालय परिसर में हथियारों के साथ दो संदिग्ध युवक गिरफ्तार
सागर। गोपालगंज थाना पुलिस ने जिला न्यायालय परिसर में सतर्कता दिखाते हुए दो संदिग्ध युवकों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। सोमवार दोपहर न्यायालय परिसर में घूम रहे दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों युवकों के पास से एक देशी कट्टा तथा एक छुरा बरामद किया गया।
मंगलवार दोपहर 2 बजे घटना की जानकारी देते हुए सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि गिरफ्तार युवकों की पहचान निखिल सोनी एवं पार्थ सोनी, निवासी मोतीनगर थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे न्यायालय में पेशी के लिए आए थे तथा अपनी सुरक्षा के उद्देश्य से हथियार साथ लेकर आए थे। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे दोनों को घटनास्थल पर ले जाकर आवश्यक जांच एवं प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
सीएसपी ने बताया कि आरोपियों से हथियारों की उपलब्धता और उनके उपयोग के उद्देश्य को लेकर पूछताछ जारी है।








