भाजपा कार्यालय के पास अनियंत्रित डीजे वाहन सैलून दुकान में घुसा, एक घायल, सीडिओ से टकराकर रुका वाहन
सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम 4:30 बजे एक अनियंत्रित डीजे वाहन सैलून की दुकान में जा घुसा। हादसा धर्माश्री बालाजी मंदिर रोड स्थित भाजपा कार्यालय के पास हुआ। डीजे वाहन सीडीओ से टकराकर रुक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हादसे में सैलून दुकान के पास मौजूद एक युवक घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार अरविंद सोनी सैलून में सेविंग करवाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान अनियंत्रित डीजे वाहन दुकान की ओर जा घुसा, जिसकी चपेट में आने से अरविंद के पैर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही डायल-112 मौके पर पहुंची। हेड कांस्टेबल प्रदीप गौतम और पायलट शुभम यादव ने घायल अरविंद सोनी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने डीजे वाहन चालक शिवम वाल्मीकि को हिरासत में ले लिया और वाहन को जब्त कर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सैलून के बाजू में किराना दुकान और मेडिकल स्टोर भी संचालित है। गनीमत रही कि डीजे वाहन दुकान के अंदर तक नहीं पहुंचा और सीडीओ से टकराकर रुक गया। यदि वाहन दुकान के अंदर घुस जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।








