प्रस्तावित मदिरा दुकान के स्थानांतरण का वार्डवासियों ने किया विरोध, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
तेंदूखेड़ा- नगर के वार्ड क्रमांक 11,12 एवं 13 के रहवासियों ने प्रस्तावित मदिरा दुकान के स्थानांतरण का कड़ा विरोध करते हुए मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सी.जी. गोस्वामी को ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की। नागरिकों ने प्रशासन से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए प्रस्तावित स्थल पर मदिरा दुकान संचालित करने की अनुमति नहीं देने का आग्रह किया। ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में संचालित मदिरा दुकान को तारादेही रोड स्थित एक नए स्थान पर स्थानांतरित किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। वार्डवासियों का कहना है कि प्रस्तावित स्थल घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित है तथा इसके आसपास कई शैक्षणिक एवं धार्मिक संस्थान संचालित हैं। ऐसे में मदिरा दुकान के संचालन से क्षेत्र का सामाजिक एवं शैक्षणिक वातावरण प्रभावित होने की आशंका है। नागरिकों ने बताया कि प्रस्तावित स्थल के निकट आरुष किड्स एकेडमी, सरस्वती ज्ञान मंदिर एवं श्री शिव शिशु विद्यालय जैसे शिक्षण संस्थान संचालित हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अध्ययन के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा आसपास धार्मिक स्थल भी मौजूद हैं, जहां श्रद्धालुओं का नियमित आवागमन रहता है। वार्डवासियों का कहना है कि ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में मदिरा दुकान खुलने से बच्चों, महिलाओं एवं आम नागरिकों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि इस संबंध में पूर्व में भी प्रशासन को आवेदन प्रस्तुत कर आपत्ति दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि स्थल चयन की प्रक्रिया में स्थानीय परिस्थितियों, जनभावनाओं तथा सामाजिक हितों को प्राथमिकता दी जाए। वार्डवासियों ने आशंका व्यक्त की कि यदि प्रस्तावित स्थान पर मदिरा दुकान संचालित होती है तो क्षेत्र में अवांछित गतिविधियों की संभावना बढ़ सकती है, जिससे सामाजिक सौहार्द एवं शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जनहित को ध्यान में रखते हुए मदिरा दुकान के स्थानांतरण की अनुमति निरस्त की जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान वार्ड क्रमांक 12 की पार्षद दिव्या साहू दिनेश साहू, वार्ड क्रमांक 11 की पार्षद इंदु मालवीय रामकृष्ण मालवीय, विपिन सिंह ठाकुर, चेतन जैन, सुखबीर यादव, सरमन चक्रवर्ती, राकेश साहू, उमेश जैन, अमित जैन, निर्मल जैन, गुड्डू ठाकुर, खेमचंद घोसी, राजू जैन, हीरालाल दुबे रामलाल जैन तथा अन्य नागरिक उपस्थित रहे। वार्डवासियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।








