सागर : रेलवे फाटक से टकराया पानी का टैंकर, ट्रैक पर फंसा ट्रैक्टर
सागर/खुरई। खिमलासा रेलवे फाटक पर फाटक बंद करते समय एक पानी का टैंकर फाटक से टकरा गया, जिससे टैंकर का ट्रैक्टर रेल पटरियों पर जाकर फंस गया, घटना रविवार सुबह की है। इस घटना के कारण दो यात्री ट्रेनों को रोकना पड़ा। सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस को खुरई स्टेशन के आउटर पर रोका गया, जबकि बीना-कटनी मेमू ट्रेन को बघोरा रेलवे स्टेशन पर करीब 15 मिनट तक खड़ा रखा गया। जानकारी के अनुसार ट्रेन नंबर 11465 सोमनाथ-जबलपुर राजकोट एक्सप्रेस के खुरई स्टेशन पहुंचने का संकेत मिल चुका था। गेटमैन जैसे ही खिमलासा रेलवे फाटक नंबर 6 को बंद कर रहा था, तभी गुरुकुल चौराहा से खिमलासा रोड की ओर जा रहा एक पानी का टैंकर फाटक से टकरा गया। टैंकर चालक की लापरवाही के कारण फाटक का बूम टैंकर में फंसकर आगे तक चला गया और ट्रैक्टर रेल पटरियों पर जाकर रुक गया। इस दौरान टैंकर से पानी भी गिरने लगा। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल क्षतिग्रस्त रेलवे फाटक को हटाया। राजकोट एक्सप्रेस लगभग 15 मिनट तक आउटर पर खड़ी रही। बाद में अस्थाई गेट लगाकर वाहनों को नियंत्रित किया और ट्रेनों को आगे रवाना किया। प्रत्यक्षदर्शी संजय जैन ने बताया कि गेटमैन फाटक बंद कर रहा था, तभी एक पानी का टैंकर चालक निकलने का प्रयास कर रहा था और फाटक से टकराकर उसे तोड़ दिया। रेलवे फाटक टूटने के बाद फाटक के दोनों और वाहनों की लंबी कतार लग गई। रेलवे के कर्मचारियों ने सुधार कार्य शुरू कर दिया है। इस दौरान करीब एक घंटे तक रेलवे फाटक बंद रहा। आरपीएफ प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर चालक पर कार्यवाही शुरू कर दी। बाइक चालक जहां जान जोखिम में डालकर निकलते रहे तो चार पहिया वाहन चालक परेशान होते रहे।
सागर : रेलवे फाटक से टकराया पानी का टैंकर, ट्रैक पर फंसा ट्रैक्टर
सागर : रेलवे फाटक से ...
[post_dates]

संपादक







