बारिश और बादलों के बीच तापमान में गिरावट, 26 सितंबर को जिले में औसतन 9.8 मिमी बारिश दर्ज; पिछले साल की तुलना में अब तक 17.09% कम वर्षा
सागर। जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मजबूत वेदर सिस्टम के असर से शुक्रवार सुबह से सागर शहर सहित जिले के अलग-अलग इलाकों में रुक-रुककर बारिश और बौछारों का सिलसिला जारी है। आसमान में दिनभर बादल छाए रहे, वहीं हवाएं चलने से वातावरण में ठंडक महसूस की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन आंध्र-ओडिशा तट को पार करने के बाद पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस सिस्टम का प्रभाव मध्यप्रदेश के मौसम पर भी दिखाई दे रहा है। इसके चलते सागर जिले में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।
1 जून से अब तक 932.1 मिमी बारिश
कलेक्टर कार्यालय के भू-संसाधन प्रबंधन विभाग की 26 सितंबर 2026 की दैनिक वर्षा रिपोर्ट के अनुसार, इस मानसून सीजन में 1 जून से 26 सितंबर तक जिले में कुल 932.1 मिमी यानी 36.7 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है।
सागर जिले की सामान्य औसत वर्षा 1230.5 मिमी है। इस हिसाब से अब तक सामान्य वर्षा का 75.74 प्रतिशत पानी ही जिले में बरसा है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 1124.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। इस साल अब तक पिछले वर्ष के मुकाबले 17.09 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज हुई है।
26 सितंबर को इन इलाकों में हुई बारिश
26 सितंबर को जिले में औसतन 9.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा शाहगढ़ में 14 मिमी रही। इसके बाद राहतगढ़ में 13.5 मिमी और जैसीनगर में 13.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। रहली और केसली में 11.3-11.3 मिमी बारिश हुई, जबकि सागर शहर में 8.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
बारिश और लगातार बादल छाए रहने के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। जिले में अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा।








