सोशल मीडिया पर कट्टा लहराने वाला युवक गिरफ्तार, देशी कट्टा और कारतूस बरामद
सागर। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कट्टा लेकर वीडियो वायरल होने की सूचना के बाद बीना पुलिस ने कार्यवाही करते हुये भगतसिंह वार्ड निवासी 26 वर्षीय युवक रितिक यादव को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक देशी कट्टा, दो खाली कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि भगतसिंह वार्ड में बायपास के पास पुलिया के आगे बबूल के पेड़ के नीचे एक युवक देशी कट्टा लेकर किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुये आवश्यक दिशा निर्देश प्राप्त किये गये। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर द्वारा बताये हुलिये के आधार पर एक युवक को संदेह के आधार पर पकड़ा। तलाशी लेने पर युवक की कमर में पेंट के पीछे देशी कट्टा खोंसा हुआ मिला, जबकि जेब से दो खाली कारतूस बरामद हुये। पुलिस के मुताबिक कट्टे में ट्रिगर, हैमर, बैरल और मुठिया लगी हुई थी तथा वह चालू हालत में प्रतीत हुआ। पूछताछ में युवक ने अपना नाम रितिक यादव पिता दातार सिंह यादव 26 वर्ष निवासी भगतसिंह वार्ड बीना बताया। हथियार का लाइसेंस पूछने पर वह कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक देशी कट्टा, दो खाली कारतूस और एक जिंदा कारतूस जब्त कर मौके पर सीलबंद किया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्यवाही की गई। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी अनूप यादव, निशांत भगत, गजेन्द, सूरज, ब्रजेन्द्र सिंह ठाकुर, प्रेमजीत सिंह, भूपेन्द्र सोलंकी, हीरामन, महेश तथा ममता की भूमिका रही।








