सागर : शक्ति घाटी में मिले अज्ञात शव का रहस्य सुलझा: पुरानी रंजिश में सिर कुचलकर की गई हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार तीसरा अब भी फरार
सागर। थाना नरयावली पुलिस ने शक्ति घाटी की पहाड़ी पर मिले अज्ञात शव की पहचान कर हत्या के अंधे मामले को सुलझाते हुए दो आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार दोपहर 4:00 पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 25 नवंबर को पहाड़ी पर एक अज्ञात पुरुष (उम्र 40–45 वर्ष) का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। अज्ञात शव की पहचान के लिए पुलिस ने फोटो सोशल मीडिया पर वायरल किए, पंपलेट चिपकाए और आसपास के जिलों में लगातार संपर्क किया। सतत प्रयासों के बाद मृतक की पहचान ग्राम सरखड़ी, थाना खुरई देहात निवासी निरंजन सिंह राजपूत के रूप में हुई।
मर्ग जांच और साक्ष्यों से स्पष्ट हुआ कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने मृतक के सिर पर पत्थर पटककर हत्या की। जिस पर नरयावली थाना में हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया।
एसपी विकास कुमार शाहवाल, एएसपी लोकेश सिन्हा और एसडीओपी राहतगढ़ योगेन्द्र भदौरिया के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी और मुखबिर सूचना के आधार पर तीन आरोपियों रूपसिंह राजपूत शैतानसिंह राजपूत,राजेशसिंह राजपूत की संलिप्तता पाई।जिसमे रूपसिंह और शैतानसिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय के निर्देश पर केंद्रीय जेल भेज दिया गया, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
अंधे कत्ल को सुलझाने में थाना प्रभारी निरीक्षक कपिल लाक्षाकार, उपनिरीक्षक आर.के.एस. चौहान, अनिल कुजूर, सउनि जगन्नाथ यादव, साइबर सेल के प्रधान आरक्षक सौरभ रैकवार सहित अन्य पुलिसकर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सोशल मीडिया और लगातार मेहनत के बल पर मामले का खुलासा किया।








