खुरई–सागर रोड पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक की मौत
सागर/खुरई। खुरई–सागर रोड पर रेंगुआ के समीप शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की जान चली गई। तेज गति से आ रही कार ने सामने से बाइक को टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान बसिया गौड़ निवासी 30 वर्षीय रामचरण गौड़ के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना सिलौधा के एक ढाबे के पास हुई, जहां तेज रफ्तार कार ने अचानक बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रामचरण सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों की मदद से उसे तत्काल सिविल अस्पताल खुरई ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि रामचरण गौड़, पिता तेज सिंह गौड़, पेशे से जेसीबी चालक था। वह शुक्रवार रात काम समाप्त कर अपने गांव लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया। घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
शनिवार सुबह पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। ग्रामीण थाना पुलिस के एएसआई हुकुम सिंह ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और फरार कार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।








