24 घंटे में दो जगह चोरी, सूना मकान और चाय की दुकान बने निशाना,खुरई में गहनों से लेकर नकदी और दुकान का सामान तक ले उड़े चोर
खुरई। शहर में बीते 24 घंटों के भीतर चोरी की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आने से नागरिकों में चिंता बढ़ गई है। बदमाशों ने एक बंद पड़े घर और सड़क किनारे स्थित चाय की दुकान को निशाना बनाकर गहने, नकदी और जरूरी सामान चोरी कर लिया। दोनों मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना शिवाजी चौक क्षेत्र की है, जहां सड़क किनारे चाय की दुकान चलाने वाले रोहित रैकवार की दुकान का ताला टूटा हुआ मिला। बताया गया कि रोहित रोज की तरह दुकान बंद कर सामान एक लोहे की पेटी में रखकर घर चले गए थे। रात के समय चोरों ने पेटी को निशाना बनाते हुए गैस सिलेंडर, करीब 300 रुपये नकद, गुटखा पाउच, बीड़ी-सिगरेट के पैकेट, बर्तन, शक्कर और चायपत्ती चोरी कर ली। सुबह दुकान खोलने पहुंचे रोहित को घटना की जानकारी लगी, जिसके बाद उन्होंने शहर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
दूसरी वारदात जेल रोड स्थित साहू कॉलोनी की है। यहां रहने वाले तोरण कुर्मी का परिवार पिछले एक महीने से अपने गांव बिसराई गया हुआ था। घर लंबे समय से बंद होने का फायदा उठाकर बदमाशों ने ताला तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर गए। चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के मंगलसूत्र, बिछिया, पायल और अंगूठी पर हाथ साफ कर दिया। पड़ोसियों को जब घर का दरवाजा खुला दिखाई दिया तो उन्होंने मकान मालिक को सूचना दी, जिसके बाद परिवार खुरई लौटा और चोरी का पता चला।
इन दोनों घटनाओं को लेकर खुरई शहरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी ने बताया कि दोनों मामलों में शिकायतें प्राप्त हुई हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं। फिलहाल आरोपियों की तलाश की जा रही है और जांच जारी है।








