MP : नशे में स्कूल पहुंचा शिक्षक, बच्चों को धमकाने का वीडियो वायरल, कलेक्टर के निर्देश पर निलंबित
खरगोन। खरगोन जिले के डोंगर चीचली गांव में शासकीय स्कूल से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। यहां एक माध्यमिक शिक्षक पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचकर बच्चों को डराने-धमकाने का आरोप लगा था। घटना के बाद बच्चे घबराकर कक्षा छोड़कर बाहर भाग गए थे। मामले की पुष्टि होने पर जिला कलेक्टर भव्या मित्तल के निर्देश पर संबंधित शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है, जबकि प्रकरण को समय पर उच्च अधिकारियों तक नहीं पहुंचाने वाले चार शिक्षा अधिकारियों को शोकॉज नोटिस जारी किए गए हैं।
घटना 6 जनवरी की बताई जा रही है। आरोप है कि शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय डोंगर चीचली के प्रधान पाठक केशव शारदे शराब के नशे में स्कूल पहुंचे थे। कक्षा में जाकर उन्होंने छात्रों को धमकाया, जिससे बच्चे सहम गए और छुट्टी से पहले ही क्लास छोड़कर बाहर निकल गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शिक्षक ने बच्चों से अभद्र भाषा में बात की और यह भी कहा कि वे छुट्टी पर हैं और उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
जब छात्र डर के कारण स्कूल परिसर से बाहर जाने लगे, तो शिक्षक उनके पीछे गए और यह कहते सुने गए कि अभी छुट्टी का समय नहीं हुआ है। पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों में आक्रोश फैल गया। मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया गया और पूरे मामले की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाई गई।
वीडियो और शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला कलेक्टर भव्या मित्तल ने जांच के आदेश दिए थे। जांच रिपोर्ट के आधार पर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास खरगोन इकबाल हुसैन आदिल ने बताया कि शुक्रवार को प्रधान पाठक केशव शारदे को निलंबित कर दिया गया है।
इसके साथ ही मामले में लापरवाही बरतने पर जन शिक्षक शैलेश वर्मा, ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर रंजीत आर्य, ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर विष्णु पाटीदार और संकुल प्राचार्य लोकेंद्र सिंह तोमर को शोकॉज नोटिस जारी किया गया है। आरोप है कि इन अधिकारियों ने घटना की जानकारी समय रहते वरिष्ठ अधिकारियों तक नहीं पहुंचाई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
MP : नशे में स्कूल पहुंचा शिक्षक, बच्चों को धमकाने का वीडियो वायरल, कलेक्टर के निर्देश पर निलंबित
MP : नशे में स्कूल ...
by Suraj Sen
[post_dates]

Sub Editor







