सागर : सागौन तस्करी पर वन विभाग का शिकंजा, पिकअप जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार, एक फरार
सागर। वन विभाग की टीम ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए सागौन की अवैध तस्करी कर रहे एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। इस कार्रवाई में पिकअप में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि आगे बाइक पर चल रहा एक आरोपी मौके से फरार हो गया। जब्त की गई सागौन की लकड़ी की कीमत करीब डेढ़ से दो लाख रुपए आंकी गई है।
वन विभाग के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि जमुनिया–रहली मार्ग पर पिकअप वाहन में सागौन की लकड़ी का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम गठित कर रहली मार्ग पर बिहारी ढाबा के पास घेराबंदी की गई। इस दौरान पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 15 जेडएच 1397 को रोका गया। टीम को देखकर वाहन में सवार आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पीछा कर उन्हें पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ड्राइवर प्रमोद पिता प्यारेलाल कोरी (उम्र 40 वर्ष) एवं उसके साथ बैठे राहुल पिता परमसुख सेन (उम्र 24 वर्ष), दोनों निवासी पृथ्वी वार्ड, देवरी के रूप में हुई है। वहीं पिकअप के आगे बाइक पर चल रहा अंशुल ठाकुर मौके से फरार हो गया।
जांच के दौरान पिकअप पर ढकी त्रिपाल हटाने पर उसमें 15 नग सागौन के लट्ठे पाए गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह सागौन केसली क्षेत्र के घाना बाकोरी की पहाड़ी से लाकर रहली क्षेत्र की ओर ले जा रहे थे।
डिप्टी रेंजर कुंवर प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। जब्त लकड़ी और वाहन को रेंज कार्यालय लाया गया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।








