तेज रफ्तार कार ने 13 मजदूरों को रौंदा, 2 की मौत, मंडला जिले से काम करने आए थे सभी मजदूर
जबलपुर (मध्य प्रदेश)। जिले के बरेला थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार ने 13 मजदूरों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दो महिला मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से सात की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसा रविवार दोपहर करीब 2 बजे एकता चौक पर हुआ। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान चैनवती बाई (40 वर्ष) और लच्छो बाई (40 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतक और घायल सभी मजदूर मंडला जिले के बीजाडांडी थाना क्षेत्र के बिहारिया गांव के निवासी हैं, जो पिछले करीब डेढ़ महीने से जबलपुर में मजदूरी कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मजदूर सड़क के डिवाइडर पर लगी लोहे की जालियों की सफाई का काम खत्म करने के बाद वहीं बैठकर भोजन कर रहे थे। इसी दौरान बरेला से जबलपुर की ओर आ रही एक सफेद रंग की कार तेज गति से आई और मजदूरों को कुचलते हुए निकल गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई लोग सड़क पर दूर जा गिरे।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बरेला थाना पुलिस और डायल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। खबर मिलते ही थाना प्रभारी अनिल पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में घायल मजदूर महंत उइके ने बताया कि कार अचानक सामने आ गई। कुछ समझने का मौका भी नहीं मिला और देखते ही देखते कई साथी घायल होकर सड़क पर पड़े थे। कार चालक टक्कर मारने के बाद बिना रुके फरार हो गया।
बरेला थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि घायलों का उपचार जारी है और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और टोल नाकों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
घायलों के नाम
गीता बाई उईके (40 वर्ष), गुमशा बाई (40 वर्ष), मीराबाई (45 वर्ष), राजकुमारी बाई (35 वर्ष), वर्षा कुशराम (45 वर्ष), जमुना बाई (40 वर्ष), कृष्णा बाई (40 वर्ष), होरी बाई (35 वर्ष), भगवती बाई (35 वर्ष), ज्ञानवती बाई (41 वर्ष) और लक्ष्मी गौंड (40 वर्ष)।








