सागर में सब्जी मंडी के साप्ताहिक अवकाश का विरोध, किसानों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
सागर। सब्जी मंडी में साप्ताहिक अवकाश के फैसले का सब्जी उत्पादक कृषकों ने कड़ा विरोध जताया है। साक सब्जी उत्पादक कृषक कल्याण एसोसिएशन के बैनर तले मंगलवार दोपहर करीब 11:30 बजे बड़ी संख्या में किसान कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर प्रतिदिन सब्जी विक्रय व्यवस्था यथावत रखने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि आदर्श थोक फल-सब्जी विक्रेता द्वारा फरवरी माह से हर सोमवार को साप्ताहिक अवकाश रखने का निर्णय लिया गया है, जो सब्जी उत्पादक कृषकों के हितों के विपरीत है। जिले की सभी तहसीलों व ब्लॉकों से किसान सप्ताह के सातों दिन गल्ला मंडी स्थित सब्जी मंडी परिसर में थोक व फुटकर सब्जियों का विक्रय कर अपनी आजीविका चलाते हैं।
किसानों का कहना है कि सब्जी उत्पादन एक सतत प्रक्रिया है, जिसे एक दिन भी रोककर नहीं रखा जा सकता। यदि साप्ताहिक अवकाश लागू किया गया तो ताजी सब्जियों के खराब होने की आशंका बढ़ जाएगी, जिससे किसानों को सीधा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
एसोसिएशन ने यह भी आशंका जताई कि अवकाश के कारण अगले दिन सब्जियों की अधिक आवक होगी, जिससे व्यापारी उचित मूल्य नहीं देंगे। इसका लाभ व्यापारियों को और नुकसान सब्जी उत्पादक कृषकों व फुटकर विक्रेताओं को होगा।
किसानों ने कलेक्टर से मांग की है कि सागर सब्जी मंडी में फल एवं सब्जी विक्रय की व्यवस्था पूर्व की तरह प्रतिदिन जारी रखी जाए और साप्ताहिक अवकाश के निर्णय को वापस लिया जाए








